Posted By:- admin
Posted On:- 01-May-2022

56 साल की उम्र में आईएएस अफसर शैलबाला ने वरिष्ठ पत्रकार राकेश पाठक से किया अफेयर

भोपाल। मध्य प्रदेश की सीनियर आईएएस अफसर शैलबाला मार्टिन का 56 साल की उम्र में 57 साल की उम्र के वरिष्ठ पत्रकार राकेश पाठक के साथ अफेयर होने का मामला इन दिनों सबसे अधिक चर्चा में है। राकेश पाठक ने शैलबाला से अफेयर होने और जीवन के आगे की यात्रा एक साथ तय करने की जानकारी सोशल मीडिया पर दी है। उन्होंने 2 अप्रैल 2022 को फेसबुक पर पोस्ट कर यह बात सार्वजनिक कर दिया कि वह अब आगे के जीवन की यात्रा शैल के साथ पूरी करेंगे। 

उन्होंने फेसबुक पर लिखा

अब सुख दु:ख की साथी हैं शैलबाला मार्टिन

आत्मीय स्वजनो,
आज हम आपसे अपने सुख दु:ख की साथी मिस शैलबाला मार्टिन का परिचय करवा रहे हैं। शैल जी इंदौर की निवासी हैं। मप्र काडर की आईएएस अधिकारी हैं। कलेक्टर, निगम कमिश्नर रहीं हैं। मप्र सरकार में अनेक अहम पदों का दायित्व निभा चुकी हैं। इन दिनों राज्य मंत्रालय, वल्लभ भवन भोपाल में एडिशनल सेक्रेटरी (सामान्य प्रशासन विभाग) के पद पर पदस्थ हैं। एक कर्मठ और संवेदनशील प्रशासक होने के साथ शैल यदा कदा लिखती भी हैं। उनकी सीरीज अमी एक जाजाबोर (मैं एक यायावर) उनकी फेसबुक वॉल पर पढ़ी जा सकती है। इसमें वे अपने आसपास की दुनिया को एक अलग नजर से देखती और दर्ज करतीं हैं। अगर ऐसे ही लिखती रहीं तो भविष्य में इसी शीर्षक से उनकी किताब आएगी। जाहिर है लिखेंगीं ही।

हम बीते लगभग दो बरस से मित्र हैं। इस संग साथ में हमने जाना कि शैल हमारी हमखयाल होने के साथ साथ एक बेहतरीन इंसान हैं। अब हम जीवनसाथी होने जा रहे हैं।

बाबा कबीर कह गए हैं...

ये तो घर है प्रेम का खाला का घर नाय
सीस उतारे भूँय धरे तब बैठे घर माय।

सो हम दोनों अपना अपना शीश उतार कर प्रेम के घर में बस रहे हैं।
पिछले दिनों एक पारिवारिक आयोजन में दोनों बेटियों सौम्या और शची ने शैल का पूरे परिवार के साथ परिचय करवाया। बेटियों की नानी मां सहित पूरे कुटुंब ने शैल का पाठक परिवार में स्नेहसिक्त स्वागत किया। शैल के बड़े भाइयों विनय जी और विनोद जी सहित पूरे परिवार का आशीर्वाद भी हम दोनों को मिला है।

मेरी धर्म पत्नी प्रतिमा प्रकृति प्रदत्त आयु को पूर्ण कर सन 2015 में अनंत की यात्रा पर प्रस्थान कर गईं थीं। अपनी अदम्य जिजीविषा से उन्होंने पांच साल ब्लड कैंसर से मोर्चा लिया था। अब आगे की यात्रा शैल के साथ तय होगी।

आपकी शुभकामनाएं हमारा मार्ग प्रशस्त करेंगीं।