Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 29-Aug-2025

राष्ट्रीय खेल दिवस पर विशेष : कोच पुष्कर दिनकर के जिद्द ने मल्लखम्ब के जरिए बदली ग्रामीण बच्चों की जिंदगी, प्राचीन खेल को मिला नया आयाम


आठ सालों में राष्ट्रीय स्तर पर 56 और राज्य स्तर पर 148 खिलाड़ियों को मिल चुके है मेडल 

पुरुषोत्तम राठौर/दबंग स्वर

जांजगीर चांपा। गांव कुटराबोड़ के एक जिद्दी कोच ने भारत के प्राचीन खेल विधा मल्लखम्ब के जरिए ग्रामीण बच्चों की जिंदगी में एक बड़ा परिवर्तन लाया है।उनके मेहनत से आज मलखम्ब सेंटर में 78 बच्चे प्रशिक्षण ले रहे है। इन बच्चों ने राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर अनेक मेडल प्राप्त किए है। खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री,खेल मंत्री,वित्त मंत्री सहित कलेक्टर, एसपी ने सम्मानित कर हौसला बुलंद किए है। दरअसल,आज राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हम बात कर रहे हैं जिले के पामगढ़ ब्लॉक के समीपस्थ ग्राम कुटराबोड़ की। जहां विगत आठ वर्षो से भारत की प्राचीन खेल विधा मल्लखम्ब का प्रशिक्षण जिला मल्लखम्ब एसोसिएशन के संस्थापक व हेड कोच पुष्कर दिनकर अपने निजी खेल संसाधनों के साथ बच्चों को तराशने का काम कर रहें है। इन आठ वर्षों की अवधि में जिला मल्लखम्ब एसोसियेशन के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर 56 और राज्य स्तर पर 148 मेडल अर्जित कर जिले का नाम रोशन किया है।
सीमित साधनों के साथ 2017- 18 में हुई शुरुवात
सीमित साधन किन्तु असीमित उत्साह के साथ कोच पुष्कर दिनकर ने अपने सहयोगी प्रभात कुमार जांगड़े के साथ गांव के ही शासकीय पूर्व माध्यमिक और प्राथमिक शाला कुटराबोड़ के प्रांगण में खेल के सीमित उपकरणों के साथ 2017 - 18 में शुरुआत की थी। उस समय बहुत ही कम बच्चे आ रहे थे,लेकिन जो बच्चे आ रहे थे उनको देखकर और भी बच्चे मलखम्ब से जुड़ने लगे। आज बलौदाबाजार जिले में भी सेंटर चल रहा है जहां सहायक कोच अकलेश नारंग और रविंद्र ने स्थानीय बच्चों को एक साल से मल्लखम्ब की ट्रेनिंग दे रहे है।

कौन है? पुष्कर दिनकर


पुष्कर दिनकर एक उत्कृष्ट खिलाड़ी, निपुण प्रशिक्षक, कुशल निर्णायक एवं बीएड शिक्षा महाविद्यालय में सहायक प्राध्यापक के रूप में कार्यरत है। भारत की प्राचीन खेल विधा मलखंब तथा योग में निष्णात विशेषज्ञ है,श्री पुष्कर 12 वर्षो से जांजगीर जिले के खिलाड़ियों को  निःशुल्क मल्लखम्ब का प्रशिक्षण दे रहें हैं आपके सिखाये हुए खिलाड़ियों में बारह खिलाड़ी शासकीय सेवाएं दे रहे हैं साथ ही आपके सानिध्य में सहायक कोच प्रभात कुमार शारीरिक शिक्षा में केंद्रीय विश्वविद्यालय बिलासपुर जैसे उत्कृष्ट संस्थान में पीएचडी कर रहे हैं पुष्कर दिनकर खेलो इंडिया यूथ गेम त्रिची तमिलनाडु, नेशनल गेम गोवा, राष्ट्रीय शालेय प्रतियोगिता उज्जैन, अखिल भारतीय विश्वविद्यालय मल्लखम्ब प्रतियोगिता अलीगढ उत्तरप्रदेश एवं भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित प्रथम बीच गेम दमनदीव जैसे महती आयोजनों में निर्णायक की भूमिका अदा कर पामगढ़, जांजगीर जिले व छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर चुके है।
श्री दिनकर यूएसए और इंडिया के मध्य हुए इंटरनेशनल प्रतियोगिता में भी जज रह चुके है।
इंटरनेशनल प्रतियोगिता के लिये खिलाड़ियों को कर रहे हैं तैयार
कोच पुष्कर दिनकर ने बताया एक विशेष प्लानिंग के साथ चुनिंदा खिलाड़ियों को इंटरनेशनल प्रतियोगिता के लिये तैयार कर रहे हैं। इनमें डिम्पी सिंह, किरण यादव, शिक्षा दिनकर, अखिलेश कुमार, आयुष सिंह, रोशन और यशपाल बरेठ शामिल है जिनको विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है।
जिला प्रशासन की ओर से मिला इंडोर मल्लखम्ब ट्रेनिंग सेंटर
कोच पुष्कर दिनकर के भगीरथ प्रयास और उपलब्धियों को देखते हुए खिलाड़ियों के उन्नत खेल प्रशिक्षण हेतु ग्राम कुटराबोड़ के मल्लखम्ब अखाड़ा परिसर में ही, जिला प्रशासन द्वारा 56 लाख की लागत से इंडोर मल्लखम्ब ट्रेनिंग सेंटर का निर्माण कराया गया है।
कोच श्री दिनकर ने बताया कि  इन आठ वर्षो में व्यक्तिगत रूप से आठ लाख की राशि इन बच्चों के खेल प्रशिक्षण और खेल यात्रा में लगा चुके हैं।
इनकी लगन, जिद्द इस हद तक है कि वे अपने खुद के परिवार और बच्चे को समय नहीं दे पाते, अब प्रशासन का सहयोग जैसा प्राप्त हुआ है उससे उनके प्रति परिवार की सोच व सम्मान बढ़ा है। वे खिलाड़ियों को मल्लखम्ब अखाड़ा में ही इंग्लिश स्पोकन की निःशुल्क क्लास दिलवा चुके है। उनका कहना है कि आगे चलकर इन बच्चों को कामनवेल्थ, एशियाड और इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में भाग लेना है इसीलिए इन खिलाड़ियों को इंग्लिश स्पोकन की क्लास दी जा रही है।
मल्लखम्ब कोच के साथ गांव के सरपंच की निभा रहे है नई भूमिका
पुष्कर दिनकर बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी है आप विगत बारह वर्ष से बीएड शिक्षा महाविद्यालय में सहायक प्राध्यापक के रूप में कार्यरत है वहीं मल्लखम्ब खेल की निःशुल्क ट्रेनिंग भी देते है आपके सात्विक व्यक्तित्व को देखते हुए ग्राम पंचायत  कुटराबोड़ के लोगों ने उन्हें सरपंच के रूप में चुना है। वहीं उनके करिश्माई व्यक्तित्व ही है कि उनको जनपद पंचायत पामगढ़ परिक्षेत्र के 59 पंचायत के सरपंच संघ का अध्यक्ष भी चुना गया है। विशेष बात है कि जिला प्रशासन द्वारा उनके गांव कुटराबोड़ को स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत को मॉडल गांव के रूप में वाले विकसित किया जाएगा है।
शासकीय पदों पर इन खिलाड़ियों का हुआ चयन
जिला मलखम्ब के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते विभिन्न शासकीय पदों पर चयन हुआ है। जिसमें रामखिलावन इंडियन आर्मी,
निखिल जांगड़े बीएसएफ,
सीमा भारद्वाज छग सशस्त्र बल,
मनोज पटेल इंडियन आर्मी,
अभिषेक सूर्यवंशी छग सशस्त्र बल, दिनेश कश्यप, सीआईएसएफ, मणिशंकर साहू   अतिथि क्रीड़ा अधिकारी,कौशिल्या साहू व्यायाम शिक्षक एवं अकलेश नारंग मास्टर ट्रेनर बलौदाबाजार हैं।
मुख्यमंत्री साय मल्लखम्ब खिलाड़ियों को कर चुके है सम्मानित



पिछले वर्ष मुख्यमंत्री निवास में राज्य खेल अलंकरण पुरस्कार से कु. डिम्पी सिंह, शिक्षा दिनकर, आयुष सिंह सिदार और अखिलेश कुमार दिनकर को सम्मानित किया जा चुका है।पिछले माह 07 जुलाई को जिला मुख्यालय जांजगीर में अनुसूचित जाति प्राधिकरण की समीक्षा बैठक के दौरान खिलाड़ियों का प्रदर्शन देख कर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव,खाद्य मंत्री दयालदास बघेल एवं महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े गदगद हुए थे, साथ ही उनके प्रदर्शन की छायाचित्र अपने फेसबुक और इंस्ट्राग्राम में भी पोस्ट किया था।