Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 02-Nov-2025

छत्तीसगढ़ स्थापना की रजत जयंती पर 10,001 पीएम आवास योजना के हितग्राहियों ने किया गृह प्रवेश

अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती अवसर पर प्रदेशभर में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत हितग्राहियों का सामूहिक गृह प्रवेश कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। राज्योत्सव स्थल नवा रायपुर, अटल नगर में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से छत्तीसगढ़ के कुल 3.51 लाख हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया। इनमें सरगुजा जिले के 10,001 हितग्राही भी शामिल रहे। सरगुजा जिले के विभिन्न जनपद पंचायतों के अंतर्गत  अम्बिकापुर में 2126, बतौली में 1082, लखनपुर में 2219, लुण्ड्रा में 1174, मैनपाट में 993, सीतापुर में 1165 तथा उदयपुर में 1242 ग्रामीण परिवारों ने अपने नए घरों में गृह प्रवेश किया। कलेक्टर विलास भोसकर के मार्गदर्शन में जिला पंचायत सीईओ विनय अग्रवाल द्वारा जनपद पंचायत लुण्ड्रा के ग्राम पंचायत कोरिमा में हितग्राही गोविंदा कोरवा एवं ग्राम पंचायत पटोरा में हितग्राही संकुती के नवीन आवास का गृह प्रवेश कराया गया। इस अवसर पर हितग्राहियों ने पारंपरिक विधि-विधान से दीप प्रज्ज्वलन, रंगोली और साज-सज्जा के साथ नए घर में प्रवेश किया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों द्वारा हितग्राहियों को आभार पत्र एवं “खुशियों की चाबी” भेंट की गई। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रति खुशी और आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उन्हें अपने सपनों का घर और आत्मनिर्भर जीवन जीने का अवसर प्रदान किया है।