Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 19-Nov-2025

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में 183 बोरी धान जब्त

रायपुर।जिला प्रशासन गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही द्वारा धान खरीदी प्रक्रिया के दौरान अवैध भंडारण एवं परिवहन पर सख्त निगरानी के तहत आज ग्राम बचरवार, पेंड्रा के पास जांच के दौरान दो वाहनों से कुल 183 बोरी (लगभग 80 क्विंटल) धान अवैध रूप से परिवहन करते पाए जाने पर जब्त किया गया। उक्त मामले में मंडी अधिनियम के तहत आगे की कार्यवाही की जा रही है। समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदी कार्य प्रारंभ होने के साथ ही जिले में कोंचियों एवं बिचौलियों द्वारा धान के अवैध कारोबार पर रोक लगाने हेतु कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी के निर्देशानुसार राजस्व, खाद्य, कृषि एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें निरंतर जांच अभियान चला रही हैं।संयुक्त टीम के निरीक्षण के दौरान मध्यप्रदेश से लाए जा रहे धान को वाहन क्रमांक सीजी 10 एबी 5233 एवं सीजी 31 बी 9964 में परिवहन करते पाया गया।  दोनों वाहनों को रोककर धान सहित जब्त किया गया। जब्त सामग्री को धान उपार्जन केंद्र पेंड्रा के समिति प्रबंधक के सुपुर्द किया गया है। जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं कोंचियों से मुक्त रखने प्रशासन द्वारा निरंतर निरीक्षण, जांच एवं सख्त कार्रवाई की जा रही है।