Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 04-May-2026

सरिया को मिला 100 बिस्तर सिविल अस्पताल का तोहफा, 18 करोड़ से होगा निर्माण

रायपुर। रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत सरिया को आज बड़ी सौगात मिली, जब स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल और वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी ने 18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 100 बिस्तर सिविल अस्पताल का भूमिपूजन किया। यह अस्पताल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर, सरिया में निर्मित किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरिया में बनने वाला यह सिविल अस्पताल न केवल उपचार सुविधाओं का विस्तार करेगा, बल्कि आपातकालीन सेवाओं को भी सुदृढ़ बनाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने  कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और अंचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस अस्पताल के निर्माण से सरिया एवं आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और बेहतर इलाज के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होता है, जब आमजन को बुनियादी सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हों। यह अस्पताल क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को नई दिशा देगा और लोगों का भरोसा सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर और मजबूत करेगा।

इस मौके पर रायगढ़ लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, नगर पंचायत सरिया अध्यक्ष श्री कमलेश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

छात्रों के लिए विशेष घोषणा

इस मौके पर वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहन देते हुए घोषणा की कि जिले के कक्षा 10वीं और 12वीं के टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले दो विद्यार्थियों को 25-25 हजार रुपये की राशि स्वेच्छा अनुदान से प्रदान की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना है।