रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले को जल्द ही एक नया अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम मिलने जा रहा है। जिले में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और स्थानीय खिलाड़ियों को ग्लोबल लेवल की सुविधाएं देने के लिए जिला क्रीड़ांगन समिति की बैठक में एक बड़ा फैसला लिया गया है। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव और कलेक्टर सह समिति अध्यक्ष श्री अभिजीत सिंह की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम परिसर में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम निर्माण के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गई है।
33 वर्षों के लिए BCCI को लीज पर दी जाएगी जमीन- बैठक में तय प्रस्ताव के मुताबिक, वर्तमान परिसर में बने बैडमिंटन कोर्ट की जमीन को छोड़कर बाकी की पूरी भूमि छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ (CSCS) के माध्यम से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को सौंपने की तैयारी है। इसके लिए भूमि को 33 वर्ष की अवधि की लीज पर देने का एक औपचारिक प्रस्ताव अंतिम मंजूरी के लिए राज्य शासन को भेजा जा रहा है।
जर्जर रविशंकर स्टेडियम और मानस भवन ढहाए जाएंगे- परिसर के पुनर्विकास को गति देने के लिए समिति ने कड़े कदम उठाने का निर्णय लिया है। वर्तमान में पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम और मानस भवन की इमारतें अत्यंत जर्जर और अनुपयोगी हो चुकी हैं। इन्हें ढहाकर (अपलेखन कर) नई खेल संरचना के लिए खाली जमीन तैयार की जाएगी। स्टेडियम परिसर में संचालित हो रही व्यावसायिक दुकानों को अनुबंध की शर्तों के तहत एक महीने का नोटिस देकर खाली कराया जाएगा। दुकानदारों की सुरक्षा निधि (सिक्योरिटी डिपॉजिट) का नियमानुसार समायोजन और भुगतान किया जाएगा। प्रस्तावित स्टेडियम के निर्माण में आड़े आ रहे सभी तरह के स्थायी और अस्थायी अतिक्रमणों और अवरोधों को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई की जाएगी।