Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 24-Jun-2026

महतारी वंदन योजना : महिला सशक्तिकरण की नई इबारत, आत्मनिर्भरता और सम्मान का सशक्त आधार

  •   डॉ. दानेश्वरी सम्भाकर, (उप संचालक)
  •   विवेक सरकार, (उप संचालक)

रायपुर, किसी भी समाज और राज्य के विकास की वास्तविक तस्वीर तब उभरती है, जब उसकी महिलाएं आर्थिक, सामाजिक और मानसिक रूप से सशक्त हों। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना इसी सोच को साकार कर रही है। यह योजना प्रदेश की लाखों महिलाओं के जीवन में आर्थिक संबल, आत्मविश्वास और सम्मान का नया अध्याय जोड़ रही है।

प्रदेश की पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की जा रही है। योजना के माध्यम से अब तक 28 किस्तों में कुल 18,165.19 करोड़ रुपये लाभार्थी महिलाओं के खातों में पहुंचाए जा चुके हैं। यह राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मनिर्भर भविष्य की मजबूत नींव बन रही है।

आर्थिक सहायता से बढ़ा आत्मविश्वास

नारायणपुर जिले के ग्राम गोहाड़ा की श्रीमती गंडाय वडडे के लिए यह योजना जीवन में खुशहाली लेकर आई है। सीमित आय वाले परिवार में बच्चों की पढ़ाई, राशन और दैनिक जरूरतों को पूरा करना उनके लिए कठिन था। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि ने उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाया है। अब वे घर की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ परिवार के आर्थिक निर्णयों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। इससे उनके आत्मविश्वास और सामाजिक सम्मान में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

दूरस्थ अंचलों तक पहुंचा सशक्तिकरण
सुकमा जिले के ग्राम पंचायत बंडा के आश्रित गांव उसकेवाया की श्रीमती हूंगी माड़वी के जीवन में भी इस योजना ने सकारात्मक परिवर्तन लाया है। मजदूरी कर परिवार चलाने वाली हूंगी के लिए हर महीने मिलने वाली सहायता राशि कठिन समय में बड़ी राहत बन गई है। अब वे बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन, राशन और आवश्यक सामग्री की व्यवस्था कर पा रही हैं। दूरस्थ और पहुंचविहीन क्षेत्र में रहने वाली श्रीमती हूंगी के लिए यह योजना आत्मनिर्भरता की नई शुरुआत साबित हुई है।