Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 31-Jul-2026

जशपुर में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता का हुआ भव्य समापन

रायपुर,  छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 26 से 29 जुलाई 2026 तक जशपुर जिले के एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों के खिलाडि़यों ने खेल भावना और उत्कृष्ट कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

जशपुर में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता का हुआ भव्य समापन

समापन समारोह की मुख्य अतिथि पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय थीं। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद जशपुर के अध्यक्ष श्री अरविंद भगत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में पांच संभागीय मुख्यालयों से 160 बालक एवं 80 बालिकाओं सहित कुल 240 खिलाडि़यों ने भाग लिया। खिलाडि़यों के साथ 35 से अधिक कोच एवं मैनेजर भी शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक श्रीमती गोमती साय ने सभी प्रतिभागी खिलाडि़यों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का माध्यम है। उन्होंने खिलाडि़यों से खेल भावना के साथ निरंतर बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडि़यों को सम्मानित भी किया।

नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत ने कहा कि जशपुर को लगातार राज्य स्तरीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिलना जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन जशपुर में होता रहेगा, जिससे स्थानीय खिलाडि़यों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के परिणामों में बालक 15 वर्ष वर्ग में दुर्ग संभाग विजेता, सरगुजा संभाग उपविजेता तथा बस्तर संभाग तृतीय स्थान पर रहा। बालक 17 वर्ष वर्ग में भी दुर्ग संभाग ने विजेता, सरगुजा संभाग ने उपविजेता तथा बस्तर संभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका 17 वर्ष वर्ग में दुर्ग संभाग विजेता, बस्तर संभाग उपविजेता तथा सरगुजा संभाग तृतीय स्थान पर रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर दुर्ग संभाग ने ओवरऑल चौंपियनशिप अपने नाम की।