मुख्यमंत्री अंत्योदय सेवा वंदन पर्व एवं वीरगाथा सम्मान समारोह में हुए शामिल, ‘नमो सेवा गाथा’ का हुआ मंचन
समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों, पुलिस, सेना, अर्धसैनिक बलों एवं समाजसेवियों का मुख्यमंत्री ने किया सम्मान
लोककला और देशभक्ति की प्रस्तुतियों से सजा अंत्योदय सेवा वंदन पर्व, महिला समूहों, मछुआरों, श्रमिकों और दिव्यांग बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के ‘प्रोजेक्ट राहत’, ‘प्रोजेक्ट ध्वस्त’ और Advance AI - ‘ताकत है MY’ नवाचारों का किया शुभारंभ
रायपुर . मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित अंत्योदय सेवा वंदन पर्व, ‘अनकही कहानियां’ सांस्कृतिक प्रस्तुति एवं वीरगाथा सम्मान समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में सेवा, समर्पण, साहस और सामाजिक उत्तरदायित्व की प्रेरक कहानियों को विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर जीवंत किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवाभाव पर केंद्रित ‘नमो सेवा गाथा’ का भी मंचन किया गया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले नागरिकों के साथ पुलिस, सेना, अर्धसैनिक बलों, नागरिक सेवाओं तथा सामाजिक क्षेत्र से जुड़े सेवाभावी व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र की सेवा में निष्ठापूर्वक योगदान देने वाले लोगों का सम्मान नई पीढ़ी को भी सेवा और कर्तव्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।