Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 27-Sep-2026

शिवनाथ नदी पहुंचे शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, गणेश विसर्जन व्यवस्था और जलस्तर का लिया जायजा

रायपुर। स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने शनिवार को दुर्ग शहर के शिवनाथ नदी स्थित गणेश विसर्जन स्थल पहुंचकर नदी के जलस्तर और विसर्जन व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल भी उपस्थित थे। मंत्री श्री यादव ने बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गणेश विसर्जन के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि छोटे पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण पिछली रात से विसर्जन प्रक्रिया रोक दी गई है। जलस्तर कम होने पर प्रशासन की निगरानी में विसर्जन पुनः शुरू कराया जाएगा। मंत्री श्री यादव ने विसर्जन के लिए पहुंचे नागरिकों से प्रशासन की व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। विसर्जन स्थल पर जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ एसडीआरएफ, स्थानीय नाविक और नागरिक सहयोग कर रहे हैं। इसके बाद मंत्री श्री यादव पुलगांव के वार्ड क्रमांक 55 स्थित कोसरिया यादव समाज के सामुदायिक भवन में बनाए गए राहत शिविर पहुंचे। यहां महिलाओं, पुरुषों और बच्चों सहित 48 लोगों को ठहराया गया है। उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत कर भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से नदी का जलस्तर कम होने के बाद ही अपने घर लौटने को कहा तथा अधिकारियों को शिविर में स्वास्थ्य सुविधा, प्रकाश, पेयजल और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रभावित लोगों की पट्टे की मांग पर उन्होंने गोकुल नगर स्थित घास भूमि को आवास के लिए आवंटित कराने का आश्वासन दिया।