Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 13-Oct-2026

नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेकर आगे आए युवा, माधवराव सप्रे महाविद्यालय में गूंजा नशामुक्ति का संदेश

रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जीपीएम जिले में नशामुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में आज समाज कल्याण विभाग द्वारा नशामुक्त भारत अभियान के तहत माधवराव सप्रे महाविद्यालय, गौरेला में नशामुक्ति जागरूकता एवं सामूहिक शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करने के साथ ही उसकी शिक्षा, कार्यक्षमता, पारिवारिक जीवन और सामाजिक संबंधों पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। विशेष रूप से युवावस्था में नशे की आदत भविष्य की संभावनाओं को प्रभावित कर सकती है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, कौशल विकास, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए।

*नशे से दूरी, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य के लिए जरूरी*-जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि नशामुक्ति केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि परिवार और समाज की खुशहाली से भी संबंधित है। नशीले पदार्थों का सेवन आर्थिक परेशानियों, पारिवारिक तनाव और सामाजिक समस्याओं का कारण बन सकता है। विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच विकसित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने, अच्छी संगति अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। प्रतिनिधियों ने युवाओं को संदेश दिया कि नशे से दूर रहकर वे न केवल अपने भविष्य को सुरक्षित बना सकते हैं, बल्कि अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित कर सकते हैं। युवाओं की जागरूकता और सक्रिय सहभागिता से नशे के विरुद्ध व्यापक जनचेतना विकसित की जा सकती है।