रायपुर। बेटियों को आत्मविश्वासी, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाकर उनके सपनों को नई उड़ान देने की दिशा में जीपीएम जिले में एक प्रेरणादायक पहल की गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग के मिशन शक्ति हब की टीम द्वारा आज ‘बिटिया @ वर्क’ अभियान के तहत विद्यालयीन बालिकाओं को विभिन्न शासकीय कार्यालयों का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान बालिकाओं ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली, शासकीय सेवाओं और जनहित से जुड़े कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराने के साथ ही उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान बालिकाओं को विभिन्न शासकीय विभागों की कार्यप्रणाली, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के दायित्वों तथा आम नागरिकों तक शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि शासन-प्रशासन किस प्रकार जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और समाज के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बालिकाओं को शासकीय कार्यालयों में होने वाले कार्यों और प्रशासनिक जिम्मेदारियों से परिचित कराते हुए भविष्य में इन क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
*प्रशासनिक सेवाओं में करियर बनाने के लिए बेटियों को मिली प्रेरणा*-भ्रमण के दौरान बालिकाओं को उच्च शिक्षा के महत्व, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा शासकीय सेवाओं में उपलब्ध विभिन्न करियर अवसरों के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि दृढ़ संकल्प, नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के माध्यम से वे प्रशासनिक सेवाओं सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान, तकनीक और अन्य क्षेत्रों में अपनी पहचान बना सकती हैं। बालिकाओं को अपने जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, समय का सदुपयोग करने तथा अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप भविष्य की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि बेटियां अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखें और किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आत्मविश्वास के साथ प्रयास करें।