Posted By:- admin
Posted On:- 27-May-2022

झारखंड के वरिष्ठ पत्रकार नवीन शर्मा का दिल का दौरा पडऩे से निधन

रांची। झारखंड के वरिष्ठ पत्रकार नवीन शर्मा का शुक्रवार 27 मई 2022 को दिल का दौरा पडऩे से निधन हो गया। वे न्यूज विंग हिन्दी न्यूज पोर्टल में न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत थे। गैस और दर्द की शिकायत के बाद वह आर्किड अस्पताल पहुंचे, जहां उनकी जांच की गई। जांच करने पर पता चला कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। उसके बाद उसका इलाज शुरू हुआ, लेकिन शाम करीब चार बजे उसकी मौत हो गई। 

अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में पत्रकार, उनके परिजन और परिचित पहुंचे थे। हाल ही में नवीन शर्मा द्वारा फिल्मी गीतों पर एक किताब फिल्म गीत का सफर प्रकाशित हुई थी। फिल्म लेखन में उनकी बहुत रुचि थी। इसके अलावा वे समसामयिक विषयों पर भी लिखते थे। उनके निधन से पत्रकारिता जगत में मातम छाया है।

रांची एक्सप्रेस से की थी पत्रकारिता की शुरुआत

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की थी। उसके बाद उन्होंने प्रभात खबर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों में विभिन्न पदों पर काम किया। वर्तमान में वे न्यूज विंग पोर्टल में न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत थे। वह पिछले 10 वर्षों से ऑल इंडिया रेडियो के आकस्मिक समाचार संपादक के रूप में भी काम कर रहे थे। वह अपने पीछे मां, पिता, पत्नी और एक बेटे समेत पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी मुक्ति शाहदेव सरला बिड़ला पब्लिक स्कूल की वरिष्ठ शिक्षिका और प्रसिद्ध कवियित्री हैं।