Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 11-Jan-2026

'इंडियन आइडल' के विजेता प्रशांत तमांग की मौत, घर में मिला शव

नई दिल्ली। जिस सुरीली आवाज ने कभी ऊंचे पहाड़ों से उतरकर पूरे देश के दिलों में अपनी जगह बनाई थी, आज वो हमेशा के लिए खामोश हो गई। 'इंडियन आइडल सीजन 3' के विजेता और लाखों दिलों की धड़कन प्रशांत तमांग नहीं रहे। महज 43 साल की उम्र में संगीत के इस चमकते सितारे का अचानक यूं चले जाना हर किसी को गहरे सदमे में छोड़ गया है। उनकी वो मासूम मुस्कान और रूहानी आवाज अब बस यादों की वादियों में गूंजेगी। साल 2007 में 'इंडियन आइडल सीजन 3' का खिताब जीतकर रातों-रात नेशनल स्टार बने प्रशांत तमांग ने आज नई दिल्ली में अंतिम सांस ली। वे महज 43 वर्ष के थे। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रशांत नई दिल्ली स्थित अपने घर में मृत पाए गए। उनका निधन अचानक दिल का दौरा पड़ने की वजह से हुआ है। हालांकि, अभी तक डॉक्टरों या परिवार की ओर से आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट और मौत के सटीक कारणों की पुष्टि होना बाकी है। प्रशांत तमांग का जाना उनके लाखों प्रशंसकों के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है। कोलकाता पुलिस के एक साधारण सिपाही से संगीत की दुनिया के शिखर तक पहुंचने का उनका सफर करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा था। उन्होंने न केवल अपनी रूहानी आवाज से 'पहाड़ों की गूंज' को अंतरराष्ट्रीय मंच दिलाया, बल्कि नेपाली सिनेमा में भी अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया। उनके अचानक चले जाने से संगीत और मनोरंजन जगत में शोक की लहर है।