Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 30-Jan-2026

छत्तीसगढ़ BJP OBC मोर्चा जिलाध्यक्षों की घोषणा, भिलाई-सक्ती में नए चेहरे

रायपुर। छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक स्तर पर बदलावों का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में भाजपा के पिछड़ा वर्ग मोर्चा (OBC मोर्चा) के जिलाध्यक्षों के नामों का ऐलान कर दिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश और सहमति से की गई इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। घोषणा के अनुसार, भिलाई जिले की कमान दिनेश देवांगन को सौंपी गई है, जबकि सक्ती जिले में प्रेम पटेल को OBC मोर्चा का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दोनों नेता अपने-अपने जिलों में संगठन को मजबूत करने, पिछड़ा वर्ग समाज के बीच पार्टी की पकड़ बढ़ाने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
संगठन विस्तार की दिशा में कदम
भाजपा में हाल के दिनों में संगठनात्मक नियुक्तियों की रफ्तार तेज हुई है। इससे पहले प्रदेश के 13 जिलों में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्षों की सूची जारी की जा चुकी है। इसके साथ ही भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के लिए 9 जिलों और अनुसूचित जाति मोर्चा के लिए 5 जिलों में भी अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की रणनीति के तहत यह कवायद की जा रही है। OBC मोर्चा के जिलाध्यक्षों की यह नियुक्ति भी उसी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है, जिससे सामाजिक संतुलन और संगठनात्मक मजबूती को और गति मिलेगी।