नई दिल्ली। सोना और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को बड़ी
गिरावट दर्ज की गई। लगातार रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचने के बाद निवेशकों की
मुनाफावसूली और बाजार में करेक्शन के चलते दोनों कीमती धातुओं के दाम अचानक
टूट गए। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार की शुरुआत से ही सोना और
चांदी लाल निशान में नजर आए। सबसे ज्यादा दबाव चांदी की कीमतों पर
देखने को मिला। MCX पर 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी करीब 24,000 रुपये
टूटकर 3,75,900 रुपये प्रति किलो पर आ गई। इससे एक दिन पहले ही चांदी ने
इतिहास रचते हुए पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर पार किया था।
गुरुवार को इसका भाव 3,99,893 रुपये प्रति किलो पर बंद हुआ था, जबकि लाइफ
टाइम हाई 4,20,048 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया था। इस स्तर से एक ही
दिन में करीब 44,000 रुपये से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली। वहीं
सोने की कीमतों में भी तेज गिरावट आई। MCX पर सोना खुलते ही करीब 8,000
रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया। लगातार ऊंचाई पर कारोबार के बाद
सोने में भी मुनाफावसूली का असर साफ दिखा।
घरेलू सराफा बाजार का हाल
ऑल
इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार, गुरुवार को चांदी ने लगातार चौथे सत्र
में तेजी जारी रखते हुए 19,500 रुपये या 5.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ
4,04,500 रुपये प्रति किलो (सभी करों सहित) का रिकॉर्ड बनाया था। वहीं 99.9
प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 12,000 रुपये या 7.02 प्रतिशत उछलकर 1,83,000
रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। जनवरी
महीने में अब तक सोने की कीमतों में 24 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज
की जा चुकी है, जो 1980 के बाद की सबसे बड़ी मासिक तेजी मानी जा रही है।
वहीं चांदी की कीमतों में इस महीने करीब 62 प्रतिशत का उछाल आया है, जो
इसके इतिहास की सबसे बड़ी मासिक बढ़त की ओर इशारा करता है।