Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 28-Apr-2026

आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से बदलेगा लखनपुर नगर पंचायत का स्वरूप

रायपुर। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि लखनपुर का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इन परियोजनाओं के माध्यम से नगर की आधारभूत संरचना को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन कार्यों के पूर्ण होने से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति प्राप्त होगी। नगर पंचायत लखनपुर में विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज 283 लाख रूपए की लागत से पूर्ण होने वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का विधिवत भूमिपूजन पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल द्वारा किया गया। मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण से छत्तीसगढ़ के लखनपुर नगर पंचायत का स्वरूप तेजी से बदलने की उम्मीद है।  उन्होंने कहा कि भूमिपूजन की गई परियोजनाओं में सड़क, नाली, सामुदायिक अधोसंरचना सहित विभिन्न आवश्यक विकास कार्य शामिल हैं, जो न केवल नगर की मूलभूत जरूरतों को पूरा करेंगे बल्कि आने वाले समय में आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति का आधार भी बनेंगे। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से लखनपुर का स्वरूप आधुनिक और सुव्यवस्थित नगर के रूप में उभरकर सामने आएगा।