रायपुर, वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी द्वारा "रक्षा अलंकरण समारोह" में असम राइफल्स के जवान एवं छत्तीसगढ़ निवासी श्री भोजराम साहू जी को ‘शौर्य चक्र’ से सम्मानित किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि भारत–म्यांमार सीमा पर अदम्य साहस, पराक्रम और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देकर भोजराम साहू जी ने न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उनका यह सम्मान राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा के प्रति उनके समर्पण का सर्वोच्च प्रमाण है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए भोजराम साहू जी ने जिस वीरता और साहस का प्रदर्शन किया है, वह युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी उपलब्धि प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि ऐसे वीर जवानों के कारण ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं और राष्ट्र का सम्मान अक्षुण्ण बना हुआ है। उन्होंने भोजराम साहू जी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा को नमन किया।