Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 20-Jul-2026

16 साल बाद स्पेन दूसरी बार बना फीफा विश्व कप चैंपियन

न्यूयॉर्क। स्पेन ने गत विजेता अर्जेंटीना को फीफा वर्ल्ड कप 2026 के अंतिम खिताबी मुकाबले में 1-0 से पराजित कर फीफा कप अपने नाम कर लिया। स्पेन के इस खिताबी जीत के हीरो रहे फेरान टॉरेस जिसने मैच के अतिरिक्त समय के दूसरे हाफ (106मिनट)  में निर्णायक गोल दागा।इसी के साथ अर्जेंटीना और उनके दिग्गज स्ट्राइकर लियोनेल मेसी का लगातार दूसरी बार खिताब जीतने का सपना टूट गया

स्पेन ने एक बार फिर से 16 साल पुराने (2010) दक्षिण अफ्रीका फीफा कप फायनल मुकाबले का इतिहास दोहराया।उस समय भी स्पेन ने अपना पहला फीफा विश्व कप अतिरिक्त समय में आंद्रे इनिएस्ता के दागे एकमात्र गोल से जीता और दूसरी बार भी यही कहानी दोहराई। अंतर केवल इतना रहा इस बार उसके सामने अर्जेंटीना थी और पिछली बार नीदरलैंड थी इस बार खिताब का निर्णायक गोल अतिरिक्त समय में ही स्टार विंगर फेरान टॉरेस ने किया। अतिरिक्त समय के हाफ टाइम के बाद खेल की शुरुआत होते ही स्पेन को आखिरकार 106वें मिनट में वह सफलता मिल ही गई। फेरान टॉरेस ने सही समय पर सही जगह मौजूद रहकर शानदार फिनिशिंग के साथ गोल दागा और टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। 105 मिनट तक चले संघर्ष, छूटे हुए मौकों और दो अमान्य घोषित हुए गोल के लंबे इंतजार के बाद स्पेन की मेहनत रंग लाई। इस गोल के साथ ही अर्जेंटीना का कड़ा डिफेंस भी टूट गया।