Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 25-Jul-2026

संभागायुक्त, कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत किया पौधरोपण

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का किया आह्वान

विद्यार्थियों की प्रदर्शनी का अवलोकन कर रचनात्मकता और नवाचार की सराहना, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का भी किया निरीक्षण

रायपुर। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुटराबोड़ स्थित डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल परिसर में शुक्रवार को “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बिलासपुर संभागायुक्त श्री सुनील जैन, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे तथा जनप्रतिनिधियों ने आम का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रंजना मानेस जांगड़े, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री रूपचंद साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रीति अजय दिव्य, ग्राम पंचायत कुटराबोड़ के सरपंच श्री पुष्कर दिनकर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार पोयाम, एसडीएम पामगढ़ श्री आर.के. तंबोली, जनपद पंचायत पामगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.एस. कौशिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं नवाचार की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर सीखने, नए प्रयोग करने और अपनी प्रतिभा को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के पश्चात संभागायुक्त श्री सुनील जैन ने ग्राम कुटराबोड़ स्थित अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में आमजन को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न डिजिटल सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सेवाओं के सुचारु एवं प्रभावी संचालन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।