Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 03-Aug-2026

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

रायपुर. वित्तमंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं। स्वस्थ, जागरूक और नवाचार से जुड़ी युवा पीढ़ी ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार कर सकती है। मंत्री श्री चौधरी आज धमतरी के मराठा मंगल भवन में आयोजित ‘नशामुक्त युवादृविकसित भारत संकल्प अभियान’ में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों एवं नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमुदाय ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का उद्बोधन लाइव सुना। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि भारत की युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर शिक्षा, कौशल, नवाचार, खेल और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री के संदेश का उल्लेख करते हुए वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि नशामुक्ति केवल सामाजिक अभियान नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण का जनआंदोलन है। उन्होंने युवाओं से ज्ञान, तकनीक, नवाचार और उद्यमिता को अपनाने तथा अपने परिवार और समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मंत्री श्री चौधरी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) प्रशिक्षण प्राप्त 100 युवाओं को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए। साथ ही प्रत्येक प्रशिक्षित युवा को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इस प्रकार कुल 10 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों, कृषि विज्ञान केंद्र के तकनीकी मार्गदर्शन में लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों तथा स्थानीय नवाचारों का अवलोकन कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन भी किया।