Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 16-Aug-2026

सारंगढ़ में उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पूरे उत्साह, उमंग, गौरव और गरिमामय वातावरण में समारोहपूर्वक मनाया गया। जिला मुख्यालय सारंगढ़ के खेलभांठा मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री राधेश्याम राठिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर पूरा परिसर देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओत-प्रोत नजर आया। ध्वजारोहण के पश्चात मुख्य अतिथि श्री राधेश्याम राठिया ने परेड का निरीक्षण किया। परेड में जिला पुलिस बल पुरुष, जिला पुलिस बल महिला, एनसीसी पुरुष, एनसीसी महिला, स्काउट-गाइड तथा रेडक्रॉस के दल शामिल हुए। विभिन्न टुकड़ियों ने अनुशासन, कदमताल और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। इसके पश्चात हर्ष फायर किया गया तथा राष्ट्रगान की धुन का वादन हुआ। परेड दलों द्वारा सामूहिक रूप से ‘राष्ट्रपति की जय’ का उद्घोष किया गया। मुख्य अतिथि श्री राठिया ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा प्रदेश की जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया। उन्होंने संदेश के माध्यम से प्रदेश के विकास, सुशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा नागरिकों की खुशहाली के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने उल्लास और उमंग के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारों को आकाश में छोड़कर जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने परेड में शामिल टुकड़ियों के कप्तानों से परिचय प्राप्त किया। जवानों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड तथा रेडक्रॉस के विद्यार्थियों ने अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का प्रभावी प्रदर्शन किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया। जिला प्रशासन तथा विभिन्न विभागों में अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्य अतिथि श्री राठिया ने सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।