रायपुर। सरगुजा जिले में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के 119 अमृत सरोवरों में हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए गए। कलेक्टर श्री अजीत वसंत के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में सभी अमृत सरोवरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के साथ जनभागीदारी, ग्रामीण संवाद, जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

‘जनसंवाद 2.0’ में ग्रामीणों ने रखीं गांव की प्राथमिकताएं -‘जनसंवाद 2.0’ के अंतर्गत ‘विकसित भारत ग्राम संकल्प’ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें ‘विकसित भारत संदेश’, ‘ग्रामीण जनसंवाद’, ‘मेरे गांव की प्राथमिकता’ एवं संकल्प-शपथ जैसे कार्यक्रम प्रमुख रहे। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने गांव की आवश्यकताओं और विकास की प्राथमिकताओं पर संवाद किया। साथ ही विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

अमृत सरोवरों में आयोजित कार्यक्रमों में ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि, हितग्राही, युवा, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए। ध्वजारोहण के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता और विकास में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
तिरंगा रैली और प्रभात फेरी से गूंजा देशभक्ति का संदेश ध्वजारोहण के बाद स्कूली बच्चों, युवाओं और ग्रामीणों ने हाथों में तिरंगा लेकर प्रभात फेरी एवं तिरंगा रैली निकाली। रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति के साथ स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। तिरंगे के साथ उत्साहपूर्वक निकली रैलियों से अमृत सरोवरों के आसपास देशभक्ति का वातावरण बना रहा।