नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर बीजेपी और आरएसएस पर बड़ा हमला बोला है। राहुल गांधी ने कहा है कि देश में आज भी दो विचारधाराओं के बीच लड़ाई चल रही है। उन्होंने कहा कि भारत में आज भी संविधान और आरएसएस के विचारधाराओं की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि दशकों तक दलितों के साथ अत्याचार हुआ जो आज तक खत्म नहीं हो सकता है। राहुल गांधी ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि दशकों तक दलितों के साथ भेदभाव होता रहा है और आज भी हो रहा है। चाय की दुकान पर दलितों के लिए अलग कप रखा जाता है और अभी भी शादी में दलितों को घोड़े पर चढ़ने पर पीटा जाता है। स्कूलों में दलितों से सफाई कराई जाती है। उन्होंने कहा कि बीजेपी दलितों को आगे बढ़ते हुए देख नहीं पाती है। उन्होंने कहा कि जितना सफल दलित होता है, उतना बड़ा प्रहार किया जाता है। उन्होंने कहा कि आपने कुछ दिन पहले देखा होगा कि 8 अगस्त 2026 को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में एक जनसभा को संबोधित किया था। इसके दो दिन बाद, श्री राम सेना के सदस्यों ने कथित तौर पर उसी स्थान पर 'शुद्धिकरण हवन' किया। राहुल गांधी ने कहा कि शुद्धिकरण करने वालों पर एफआईआर होनी चाहिए.उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष को न्याय मिलना चाहिए।