जांच में खुलीं गंभीर सुरक्षा खामियां, क्रेन संचालन पर लगा प्रतिबंध
रायपुर, दुर्ग जिले के हथखोज स्थित मेसर्स स्टील इंफ्रा सॉल्यूशन कंपनी लिमिटेड में बीते 19 अगस्त को हुए दर्दनाक हादसे के बाद औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे में सीएनसी हेल्पर राजेश कुमार निर्मलकर (40 वर्ष) की जान चली गई थी। 20 अगस्त को सहायक संचालक एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा किए गए स्थल निरीक्षण में कारखाना प्रबंधन की कई गंभीर लापरवाहियां और सुरक्षा खामियां उजागर हुई हैं।
जांच में सामने आईं प्रमुख लापरवाहियां- क्रेन का संचालन किसी सक्षम और अधिकृत व्यक्ति के बजाय अकुशल श्रमिक) (अनस्किल्ड) वर्कर से कराया जा रहा था। सुरक्षा उपकरणों की अनदेखी की गई, आई-बीम, क्रेन की चेन और संबंधित उपकरणों का नियमित रखरखाव नहीं किया गया था। क्रेन की चेन के हुक में सेफ्टी लैच/कैच तक गायब था, जिससे भारी सामान के फिसलने का खतरा बना हुआ था। क्रेन संचालन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी), श्रमिकों के प्रशिक्षण, पर्यवेक्षण और नियमित निरीक्षण में भारी कमियां पाई गईं। जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि इसी कारखाने में 24 जनवरी 2026 को भी ई.ओ.टी. क्रेन संचालन के दौरान एक प्राणांतक हादसा हुआ था, जिस पर न्यायालय में अभियोजन दर्ज है। इसके बावजूद सुरक्षा मानकों में सुधार नहीं किया गया।