रायपुर, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के साथ उनके जीवन में स्थायी बदलाव का माध्यम बन रही है। सरगुजा जिले की ग्राम पंचायत दरिमा निवासी श्रीमती राजकुमारी सोनी के परिवार के लिए यह योजना वर्षों से देखे जा रहे पक्के घर के सपने को साकार करने वाली साबित हुई है। कभी कच्ची झोपड़ी की टपकती छत और बारिश के दिनों की चिंता के बीच परिवार को संभालने वाली राजकुमारी आज अपने पक्के घर में सुरक्षित और सुकून के साथ रह रही हैं।
बारिश में छत टपकने और घर की मरम्मत की चिंता से मिली राहत-श्रीमती राजकुमारी सोनी बताती हैं कि पहले उनका परिवार कच्चे मकान में रहता था। बारिश के मौसम में छत से पानी टपकने के कारण घर के सामान और बच्चों की किताबों को सुरक्षित रखना मुश्किल हो जाता था। कच्चे मकान की बार-बार मरम्मत के लिए खपड़ा और अन्य सामग्री जुटाना भी चुनौतीपूर्ण था। बारिश के दिनों में घर की सुरक्षा के साथ बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की चिंता भी बनी रहती थी। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास स्वीकृत होने के बाद उनके परिवार की यह परेशानी दूर हुई। शासन से मिली सहायता और परिवार की मेहनत से पक्का मकान तैयार हुआ। अब मौसम की मार से बचाव के साथ परिवार को रोजमर्रा के जीवन में भी पहले की तुलना में अधिक सुविधा मिली है।