रायपुर। सशक्त एमसीबी सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत चिरमिरी के पोड़ी स्थित मंगल भवन में आज दो दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप का शुभारंभ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के मुख्य आतिथ्य एवं नगर पालिक निगम चिरमिरी के महापौर रामनरेश राय की अध्यक्षता में हुआ। इस दो दिवसीय शिविर में जिलेवासियों को विभिन्न गंभीर एवं सामान्य बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविर में 10 हजार लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम के शुभारंभ से पहले स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं जनप्रतिनिधियों ने अटल परिसर पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद मंगल भवन में छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर मेगा हेल्थ कैंप का विधिवत शुभारंभ किया गया। स्वास्थ्य मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों ने शिविर में लगाए गए विभिन्न स्वास्थ्य स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा उपलब्ध जांच, उपचार एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों के विशेषज्ञ चिकित्सक दे रहे सेवाएं
मेगा हेल्थ कैंप की खासियत यह है कि जिलेवासियों को विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है। रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों से आए विशेषज्ञ चिकित्सक चिरमिरी में ही मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध करा रहे हैं। शिविर में डॉ. अश्विनी राउत, कार्डियोलॉजिस्ट, हॉस्पिटल एसएमसी रायपुर, डॉ. उमेश चंद्रा, न्यूरोलॉजिस्ट, डॉ. हेमलता एवं डॉ. कल्पना, बालको हॉस्पिटल रायपुर, डॉ. मनोज गुप्ता, कार्डियोलॉजिस्ट, नारायणा हॉस्पिटल रायपुर, डॉ. जावेद परवेज, डॉ. करन सराफा, डॉ. भुवन शर्मा, यूरोलॉजिस्ट, डॉ. राकेश, पीडियाट्रिक्स, डॉ. अमित जैन, यूरोसर्जरी, डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, आर्थाेपेडिक तथा डॉ. संदीप अग्रवाल, यूरोलॉजिस्ट सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके अलावा गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी, कैंसर, यूरोलॉजी, शल्य चिकित्सा, अस्थि रोग, स्त्री रोग, मेडिसिन, दंत चिकित्सा, फिजियोथेरेपी, नेत्र रोग, चर्म रोग एवं ईएनटी सहित विभिन्न विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ नागरिकों को मिल रहा है।