Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 03-Oct-2026

वन्यजीव संरक्षण का संदेश लेकर गांव-गांव पहुंचेगा ‘बाघ रथ’, वन मंत्री केदार कश्यप ने दिखाई हरी झंडी

बीजापुर में वन्यजीव सप्ताह का शुभारंभ, वन मंत्री ने कहा—वन एवं वन्यप्राणियों का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी

साल के अंत तक बीजापुर में इको-टूरिज्म गतिविधियां शुरू करने की घोषणा, स्थानीय युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए अवसर

रायपुर,  वनों एवं वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बीजापुर में वन्यजीव सप्ताह का शुभारंभ वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने किया। इस अवसर पर उन्होंने इन्द्रावती टाइगर रिजर्व द्वारा तैयार किए गए ‘बाघ रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ गांव-गांव पहुंचकर वन्यजीव संरक्षण, बाघों की सुरक्षा और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व के प्रति लोगों को जागरूक करेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि जंगल और वन्यप्राणी हमारी अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण केवल वन विभाग का दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन्यजीवों की प्रभावी सुरक्षा के लिए स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ‘बाघ रथ’ के माध्यम से प्रारंभ किए गए जनजागरूकता अभियान को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह पहल वनांचल के गांवों तक वन एवं वन्यजीव संरक्षण का संदेश पहुंचाएगी और लोगों को जैव विविधता के महत्व से जोड़ेगी।

समृद्ध जैव विविधता बीजापुर की बड़ी पहचान
वन मंत्री श्री कश्यप ने बीजापुर की समृद्ध जैव विविधता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र प्राकृतिक संपदा और विविध वन्यजीवों से समृद्ध है। यहां के जंगल और वन्यप्राणी क्षेत्र की पारिस्थितिकी के महत्वपूर्ण आधार हैं। इनके संरक्षण के साथ स्थानीय समुदाय को जोड़कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने, जंगलों की रक्षा करने तथा मानव और वन्यजीवों के बीच संतुलित सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।