Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 04-Oct-2026

महानदी में बढ़ते जलस्तर से प्रभावित गांवों में पहुंचे वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

रायपुर। महानदी में बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ से प्रभावित रायगढ़ जिले के गांवों में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्राम पंचायत पड़ीगांव एवं सूरजगढ़ का दौरा कर प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं तथा आवश्यकताओं की जानकारी ली। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने गांवों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के साथ पर्याप्त मात्रा में आवश्यक दवाइयां और एंटी-स्नेक वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बाढ़ के बाद उत्पन्न होने वाली स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियों में ग्रामीणों को तत्काल उपचार मिल सके। उन्होंने बाढ़ से फसलों और अन्य परिसंपत्तियों को हुए नुकसान का भी आकलन करने के निर्देश दिए। वित्त मंत्री ने कहा कि प्रभावित किसानों एवं ग्रामीणों को नियमानुसार मुआवजा और राहत राशि दिलाने के लिए गांवों में विशेष कैम्प लगाए जाएं तथा नुकसान के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए। श्री चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखे और ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप तत्काल सहायता उपलब्ध कराए।