Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 04-Oct-2026

सरकार आपके द्वार’ शिविर में त्वरित समाधान, 240 में से 236 आवेदनों का मौके पर निराकरण

रायपुर। गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में आम नागरिकों की समस्याओं का उनके नजदीक ही त्वरित समाधान करने और शासकीय योजनाओं का सहज लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा सेतु अभियान के तहत नगर पालिका परिषद गौरेला के वार्ड क्रमांक 3 स्थित सांस्कृतिक भवन में ‘सरकार आपके द्वार’ जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। जिला प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद गौरेला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में कुल 240 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 236 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर नागरिकों को राहत पहुंचाई गई। शिविर की खास बात यह रही कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग शासकीय कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध हुईं। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर अधिकारियों-कर्मचारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और आवेदन प्राप्त कर पात्रता एवं नियमानुसार उनका निराकरण किया। शेष प्रक्रियाधीन आवेदनों को शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।

समाधान के साथ योजनाओं का भी मिला लाभ

जनसमस्या निवारण शिविर केवल आवेदन प्राप्त करने और समस्याओं के निराकरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा जरूरतमंद हितग्राहियों को चश्मे तथा वृद्धजनों को छड़ी प्रदान की गई। सहायता सामग्री मिलने से हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शिविर में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। इसी तरह नगर पालिका परिषद गौरेला द्वारा बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके कार्यों की सराहना की गई।