बलौदाबाजार विधानसभा में विकास की नई सुबह
बलौदाबाजार, सिमगा और तिल्दा-नेवरा विकासखंड को मिली करीब 5 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात
रायपुर, सरकार द्वारा प्रदेश के प्रत्येक नगर और गाँव के सर्वांगीण विकास तथा बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और ऐतिहासिक पहल की गई है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री टंक राम वर्मा के विशेष प्रयासों से बलौदाबाजार विधानसभा को बुनियादी सुविधाओं, सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर तथा शैक्षणिक ढाँचे को नई मजबूती प्रदान करने के लिए लगभग पौने पांच करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी गई है। इस निर्णय से क्षेत्र के ग्रामीणों, व्यापारियों और विद्यार्थियों के बीच भारी उत्साह की लहर दौड़ गई है।
*2 करोड़ 15.24 लाख रूपए के 42 नए कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति*- ग्रामीण क्षेत्रों के चहुंमुखी विकास, शिक्षा के स्तर को सुधारने और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी सरकार तरह संकल्पित है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इन विकास कार्यों के धरातल पर उतरने से ग्रामीण अंचलों में नागरिकों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने में सुगमता होगी और विभिन्न सार्वजनिक आयोजनों व आवश्यकताओं के लिए मजबूत बुनियादी ढांचा तैयार हो सकेगा। वर्ष 2026-27 के लिए बलौदाबाजार और सिमगा विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु 2 करोड़ 15 लाख 24 हजार रुपये की अनुमानित लागत से 42 नए विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम संस्कार और धार्मिक आयोजनों को सुगम बनाने के उद्देश्य से मुडियाडीह, झोंका, बिटकुली, खैरवारी, बुड़गहन, कसहीडीह, खैरवारडीह, करमनडीह, खैराटा, गोडखपरी, पौंसरी, भांठागांव, रसेड़ा, सोनपुर, चरौटी, अचानकपुर, ढाबाडीह और भालेसुर जैसे अनेक गांवों के मुक्तिधामों में शेड, अहाता तथा प्रतीक्षालय निर्माण के कार्य संपन्न कराए जाएंगे। इसके साथ ही, शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में बालिकाओं की स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए केशडबरी, हलवाई खपरी, चापा, पुरान, छुईहा, सेमराडीह, पारागांव, बिलाईडबरी, मोहभट्ठा, भैंसा, भोथाडीह, जागडा, सिकारी केशली और मगरवाय में बालिका शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। शिक्षा के ढांचे को और अधिक मजबूत करने की दिशा में सिमगा विकासखंड के ग्राम मानिपुर (आमाकोनी), नेवधा और टेकारी की शासकीय प्राथमिक शालाओं में दो-दो अतिरिक्त कक्षों का निर्माण भी इस स्वीकृति का प्रमुख हिस्सा है। इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ग्रामीण अंचलों में नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं देने और शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।