00 कबरटोला में नवधा रामायण में हुए शामिल, ग्रामीणों के साथ रामधुन में हुए सराबोर
00 मड़मड़ा में 47.15 लाख रुपए की लागत से बनने वाले गौरव पथ का किया भूमिपूजन
रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने शनिवार को कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत ग्राम मड़मड़ा और कबरटोला का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने ग्राम मड़मड़ा में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-01 और 5 लाख रुपए की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का लोकार्पण किया। साथ ही 47.15 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 500 मीटर लंबे गौरव पथ का भूमिपूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने दोनों गांवों में सड़क, सामुदायिक भवन, मंच और नाली निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।
ग्राम मड़मड़ा में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा की उपस्थिति में स्थानीय महिलाओं ने रिबन काटकर किया। नए भवन के निर्माण से बच्चों को बेहतर वातावरण में प्रारंभिक शिक्षा, पोषण एवं आंगनबाड़ी की अन्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए बच्चों के पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की बात कही। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य श्री मनीराम साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री विदेशीराम धुर्वे, जनपद अध्यक्ष श्री रामकिंकर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
अटल डिजिटल सेवा केंद्र से गांव में ही मिलेंगी बैंकिंग सुविधाएं
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने ग्राम मड़मड़ा में 5 लाख रुपए की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का लोकार्पण किया। इस केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग एवं डिजिटल सेवाओं की सुविधा मिलेगी। ग्रामीण महतारी वंदन योजना, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि निकाल सकेंगे। साथ ही राशि जमा करने जैसी बैंकिंग सुविधाओं का भी लाभ ले सकेंगे। इससे ग्रामीणों को छोटे-छोटे बैंकिंग कार्यों के लिए शहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी और उनके समय तथा आवागमन के खर्च की बचत होगी।