रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क अधोसंरचना को मजबूत बनाने और दूरस्थ गांवों को बेहतर आवागमन सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में सरगुजा जिले के लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बबौली-बिलमा मार्ग का डामरीकरण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। लगभग 2.40 करोड़ रुपये की स्वीकृति से निर्मित 2.20 किलोमीटर लंबे इस मार्ग से क्षेत्र के 11 गांवों के हजारों ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। सड़क के साथ 5 नवीन पुल-पुलियों का निर्माण होने से ग्रामीणों को विशेषकर वर्षा ऋतु में आवागमन संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी। इस सड़क के निर्माण से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों के लिए विकासखंड एवं जिला मुख्यालय तक पहुंच अधिक सुगम होगी।

लगभग 2.40 करोड़ रुपये की स्वीकृति से सड़क और पुल-पुलियों का निर्माण
लोक निर्माण विभाग, संभाग अम्बिकापुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार बबौली-बिलमा मार्ग के निर्माण एवं उन्नयन के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 14 अक्टूबर 2024 को 239.82 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। निर्माण कार्य के लिए मेसर्स जवाहर लाल गुप्ता के साथ 239.95 लाख रुपये का अनुबंध किया गया। इसके अंतर्गत 2.20 किलोमीटर लंबाई में 3.75 मीटर चौड़ी सड़क का डामरीकरण कार्य पूर्ण किया गया है। इसके अतिरिक्त मार्ग पर 5 नवीन पुल-पुलियों का निर्माण भी किया गया है। सड़क एवं पुल-पुलियों के निर्माण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होने के साथ ग्रामीण सड़क संपर्क को मजबूती मिली है।