रायगढ़(वीएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को लोगों से दिमागी नक्सलियों के प्रति सतर्क रहने की अपील की तथा आरोप लगाया कि इनमें से कुछ लोग अलग-अलग संगठनों में नेतृत्व के पदों पर बैठे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को लोगों से दिमागी नक्सलियों के प्रति सतर्क रहने की अपील की तथा आरोप लगाया कि इनमें से कुछ लोग अलग-अलग संगठनों में नेतृत्व के पदों पर बैठे हैं। नवीन ने कहा कि उनकी पार्टी की सरकार अपने कामों और कल्याणकारी योजनाओं के जरिए इन्हें सबक सिखाएगी। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ कस्बे में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश से नक्सलवाद को खत्म करने का संकल्प लिया, और केंद्र तथा राज्य सरकारें इस संकल्प को पूरा करने के लिए काम कर रही हैं।
नवीन को धरमजयगढ़ में इस कार्यक्रम में शामिल होना था, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका विमान नहीं उतर सका, जिसके कारण उनका दौरा रद्द करना पड़ा। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उनकी टीम को छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त बनाने के लिए बधाई दी। साथ ही, माओवादियों के खिलाफ लड़ाई में अपनी जान गंवाने वाले सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, बस्तर के जिन इलाकों में पहले लोगों को बंदूक चलाना सिखाया जाता था, वहां अब खेल के मैदान बन गए हैं। वहां बच्चों को खेलकूद और पढ़ाई-लिखाई के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
नवीन ने कहा कि जंगलों से हथियारबंद नक्सलियों का सफाया हो चुका है, लेकिन कुछ दिमागी नक्सली अभी भी सक्रिय हैं और अलग-अलग संगठनों में नेतृत्व के पदों पर काबिज हैं। उन्होंने लोगों को तीन तरह के लोगों से सावधान रहने को कहा, एक वे जो शहरों में वातानुकूलित कमरों में बैठकर नीतियां बनाते हैं और बच्चों को क्रांति की बातें करने के लिए उकसाते हैं। दूसरे वे जो संविधान का नाम तो लेते हैं, लेकिन लोगों को लोकतंत्र के खिलाफ भड़काते हैं। और तीसरे वे जो ऐसे दिमागी नक्सलियों को अलग-अलग संगठनों के जरिए बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा, इन तीनों तरह के लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए नवीन ने आरोप लगाया कि उसने दशकों तक आदिवासी समुदाय को मुख्यधारा से दूर रखा और उनके वोटों का इस्तेमाल अपने राजनीतिक फायदों के लिए किया। उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल के दौरान ही जनजातीय कार्य मंत्रालय की स्थापना की गई थी। उन्होंने कहा, भाजपा आदिवासी समुदाय के लिए काम करती है और उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारियां भी सौंपती है।
नवीन ने कहा कि केंद्र और छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकारें आदिवासी लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा, चाहे नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार हो या विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली, हमारा मुख्य संकल्प आपके जीवन स्तर में बदलाव लाना और विकास की उस गति को तेज करना है, जो लंबे समय से रुकी हुई थी। धर्मजयगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य मौजूद थे!