Posted By:- DabangSwar Desk
Posted On:- 18-Nov-2026

इतिहास के पन्नों में 19 नवंबर : ‘गूंगी गुड़िया’ से आयरन लेडी तक का सफर, इंदिरा गांधी ने बदली भारतीय राजनीति की दिशा

भारतीय राजनीति के इतिहास में इंदिरा गांधी का नाम दृढ़ इच्छाशक्ति, साहसिक फैसलों और प्रभावशाली नेतृत्व के लिए जाना जाता है। देश की पहली और अब तक की एकमात्र महिला प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने भारतीय राजनीति पर अमिट छाप छोड़ी। उनका जीवन उपलब्धियों, विवादों और संघर्षों से भरा रहा।

इंदिरा गांधी का जन्म 19 नवंबर 1917 को इलाहाबाद में पंडित जवाहरलाल नेहरू और कमला नेहरू के घर हुआ था। दादा मोतीलाल नेहरू ने उनका नाम इंदिरा रखा, जबकि पिता ने उनके नाम के साथ प्रियदर्शिनी जोड़ा। स्वतंत्रता आंदोलन के माहौल में पली-बढ़ीं इंदिरा ने बचपन से ही राजनीति को करीब से देखा।

राजनीतिक जीवन के शुरुआती दौर में विरोधियों ने उन्हें ‘गूंगी गुड़िया’ कहकर संबोधित किया, लेकिन 1966 में प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने अपनी निर्णायक क्षमता से यह धारणा बदल दी। उनकी दृढ़ नेतृत्व शैली के कारण उन्हें दुनिया भर में ‘आयरन लेडी’ के नाम से पहचान मिली।

उनके कार्यकाल में 1971 का भारत-पाकिस्तान युद्ध, बांग्लादेश का निर्माण और बैंकों का राष्ट्रीयकरण जैसे ऐतिहासिक फैसले हुए। उन्होंने तीन लगातार कार्यकाल और बाद में चौथी बार प्रधानमंत्री पद संभाला।

हालांकि, 1975 में लगाया गया आपातकाल उनके राजनीतिक जीवन का सबसे विवादास्पद अध्याय बना। नागरिक स्वतंत्रताओं पर प्रतिबंध और विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी के बाद 1977 के चुनाव में उन्हें सत्ता गंवानी पड़ी।

जून 1984 में स्वर्ण मंदिर में सेना की कार्रवाई के बाद उपजे आक्रोश के बीच 31 अक्टूबर 1984 को उनके दो सिख अंगरक्षकों ने उनकी हत्या कर दी। इंदिरा गांधी की विरासत आज भी भारतीय राजनीति में बहस और अध्ययन का विषय है।