रायपुर(वीएनएस)।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह कुशवाहा के निर्देशन एवं खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. बढ़ई के कुशल मार्गदर्शन में महासमुंद जिले की कुष्ठ रोग नियंत्रण टीम लगातार कुष्ठ रोग की शीघ्र पहचान, नियमित उपचार एवं जन-जागरूकता के माध्यम से जिले को कुष्ठ रोग मुक्त बनाने के प्रयास में जुटी हुई है। इसी क्रम में विकासखण्ड बागबाहरा के ग्राम नर्रा निवासी श्रीमती प्रमिला दीवान को निर्धारित उपचार पूर्ण करने पर कुष्ठ रोग से मुक्ति मिली है।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर नर्रा में उनका उपचार 08 मई 2026 को प्रारंभ किया गया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा नियमित दवा सेवन एवं आवश्यक मार्गदर्शन के साथ उपचार की निरंतर निगरानी की गई। निर्धारित उपचार अवधि पूर्ण होने पर 28 सितंबर 2026 को उनका उपचार सफलतापूर्वक पूरा हुआ। इस संबंध में ब्लॉक कुष्ठ नोडल श्री एम. चौधरी एवं सेक्टर कुष्ठ नोडल श्री डिगेन्द्र परमार ने बताया कि कुष्ठ रोग के उपचार में समय पर पहचान, नियमित दवा सेवन और निर्धारित उपचार अवधि पूरी करना बेहद आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा उपचार के दौरान आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. बढ़ई ने कहा कि कुष्ठ रोग का समय पर निदान एवं पूर्ण उपचार संभव है। उन्होंने आमजन से अपील की कि शरीर पर हल्के या तांबई रंग के सुन्न दाग-धब्बे दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं तथा स्वास्थ्यकर्मियों की सलाह के अनुसार पूरा उपचार लें। जिला कुष्ठ रोग सलाहकार श्री एकेश्वर शुक्ला ने बताया कि राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम का उद्देश्य कुष्ठ रोग की शीघ्र पहचान, नियमित एवं पूर्ण उपचार, दिव्यांगता की रोकथाम तथा रोग प्रभावित व्यक्तियों के प्रति सामाजिक भेदभाव को समाप्त करना है।