थाना बोराई की पहल: महिला कमांडो एवं ग्रामीणों के साथ थाना परिसर में जागरूकता बैठक आयोजित
सामुदायिक पुलिसिंग के तहत धमतरी पुलिस की पहल: ग्राम जामपानी के ग्रामीणों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक सुरक्षित, नशामुक्त एवं स्वच्छ गांव बनाने धमतरी पुलिस का प्रयास: महिला कमांडो को सामाजिक सुरक्षा एवं जनजागरूकता में सक्रिय भूमिका निभाने किया प्रेरित
पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय, आपसी विश्वास और सहभागिता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
एसपी धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं एवं जनप्रतिनिधियों को साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों, महिला सुरक्षा एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इसी तारतम्य में दिनांक 20.11.2026 को थाना बोराई में ग्राम जामपानी के ग्रामीणों को आमंत्रित कर जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला कमांडो, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी देते हुए अनजान कॉल, फर्जी लिंक, ऑनलाइन ठगी तथा ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
इसके साथ ही यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में जागरूक करते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई।
महिला सुरक्षा एवं महिला संबंधी अपराधों पर चर्चा करते हुए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, घरेलू हिंसा अथवा अन्य अपराध की स्थिति में बिना किसी भय एवं संकोच के पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
बैठक में महिला कमांडो की भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित करते हुए उन्हें गांव में महिला सुरक्षा, नशामुक्ति, सामाजिक कुरीतियों एवं असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही पुलिस एवं ग्रामीणों के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर ग्राम को नशामुक्त एवं स्वच्छ बनाने के संबंध में भी ग्रामीणों से चर्चा की गई। नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने, अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने तथा गांव के सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए सामूहिक सहभागिता निभाने की अपील की गई।
धमतरी पुलिस का मानना है कि पुलिस और जनता के आपसी सहयोग एवं विश्वास से ही सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है। इसी उद्देश्य से सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आमजन की सहभागिता से सुरक्षित, जागरूक, नशामुक्त एवं स्वच्छ समाज का निर्माण किया जा सके।