Posted By:- DabangSwar Desk
Posted On:- 22-Nov-2026

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह आज से दो दिवसीय भारत दौरे पर

नई दिल्ली (वीएनएस)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह रविवार को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 22 और 23 नवंबर को होने वाला यह दौरा प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद शाह की पहली भारत यात्रा और पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। इस दौरान दोनों देशों के बीच संबंधों के सभी प्रमुख पहलुओं की समीक्षा होगी और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की जाएगी।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, शाह अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे। वहीं, सोमवार 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है। दोनों नेता आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

34 सदस्यीय सरकारी और 52 सदस्यीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल आएगा साथ
नेपाल के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह नेपाल एयरलाइंस की उड़ान से नई दिल्ली रवाना होंगे। उनके साथ वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यानजनकर और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी होंगे।



नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने बताया कि दोनों देशों के प्रधानमंत्री 23 नवंबर को प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगे। इसके बाद दोनों नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी नेपाली प्रधानमंत्री और उनके प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में आधिकारिक दोपहर भोज भी आयोजित करेंगे।



नेपाल से आने वाले आधिकारिक सरकारी प्रतिनिधिमंडल में 34 सदस्य होंगे। इसके अलावा 52 सदस्यीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी अपने खर्च पर यात्रा में शामिल होगा।

ऊर्जा और संपर्क परियोजनाओं पर होगा जोर
यात्रा के दौरान संपर्क और ऊर्जा सहयोग से जुड़ी पूरी हो चुकी कई परियोजनाओं का उद्घाटन किए जाने की संभावना है। इसके साथ ही नई परियोजनाओं की आधारशिला रखे जाने की भी तैयारी है।

दोनों देशों के बीच व्यापार, परिवहन, निवेश, ऊर्जा, संपर्क नेटवर्क और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे क्षेत्रों में आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास से जुड़े सहयोग के लिए कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान भी प्रस्तावित है।

नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का होगा आयोजन
दौरे के दौरान नेपाल-भारत बिजनेस फोरम भी आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य नेपाल में भारतीय निवेश को प्रोत्साहित करना और दोनों देशों के कारोबारियों को साझेदारी तथा निवेश के नए अवसर तलाशने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत और नेपाल के संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत जुड़ाव के साथ मजबूत जनसंपर्क पर आधारित हैं। व्यापार, विकास साझेदारी, ऊर्जा, जल संसाधन और भौतिक एवं डिजिटल संपर्क जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों का सहयोग लगातार आगे बढ़ा है।

मंत्रालय के अनुसार, बालेन्द्र शाह की यह यात्रा दोनों देशों के बीच नियमित उच्चस्तरीय आदान-प्रदान की परंपरा को आगे बढ़ाएगी। साथ ही यह भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के तहत नेपाल के साथ संबंधों को दिए जाने वाले महत्व को भी दर्शाती है।