नगरी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में पंजीकृत 171 किसानों की धान बिक्री से जुड़ी गिरदावरी एवं सत्यापन संबंधी समस्या को लेकर किसानों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसील नगरी के नाम आवेदन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की है।
आवेदन में किसानों ने बताया कि आदिम जाति सेवा सहकारी समिति दुगली अंतर्गत पंजीकृत किसानों का खसरा/रकबा में एंट्री होने के बावजूद धान का बोवाई रकबा शून्य प्रदर्शित होने की समस्या सामने आ रही है। इसके चलते किसान अपनी उपज बेचने के लिए ऑनलाइन टोकन नहीं कटवा पा रहे हैं। समिति से टोकन कटवाने के प्रयास के दौरान गिरदावरी/पी.बी./डीएईएस सत्यापन लंबित होने की समस्या भी दिखाई जा रही है।
किसानों का कहना है कि समस्या की जानकारी प्रशासन को पहले ही दी गई थी तथा मंत्री टंकराम वर्मा को दुगली आगमन के दौरान आवेदन भी सौंपा गया था, लेकिन अब तक समस्या का सुधार नहीं हो पाया है। किसानों ने बताया कि लगातार देरी के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है और बैंक, सोसायटी, ट्रैक्टर ऋण तथा अन्य कृषि ऋण एवं दवाइयों आदि से संबंधित भुगतान का दबाव बढ़ रहा है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि 171 किसानों की गिरदावरी/सत्यापन संबंधी समस्या का तत्काल सुधार कर धान बिक्री की प्रक्रिया सुचारु कराई जाए। आवेदन में चेतावनी दी गई है कि यदि 7 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो किसानों द्वारा 2 दिसंबर 2026 को सुबह 10 बजे दुगली, गट्टासिल्ली पर शासन-प्रशासन के खिलाफ आंदोलन एवं चक्काजाम किया जाएगा।
किसानों ने स्पष्ट किया कि आंदोलन की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। 7दिन में निराकरण नहीं होने पर चक्काजाम करने दी चेतावनी
सीडीएम मनोज मरकाम ने इस मामले में कहा कि
171 किसानों के संबंध में आज ज्ञापन प्राप्त हुआ है। जांच में DCS लंबित दिखाई दे रहा है। DCS लंबित का मतलब है कि PVR के रूप में अंतर दिख रहा है। इस संबंध में पूर्व में शासन को पत्र लिखा जा चुका है, PV / DCS ओपन करने के लिए। जैसे ही DCS - PVR ओपन होगा, निराकरण कर दिया जाएगा।