Posted By:- DabangSwar Desk
Posted On:- 26-Nov-2026

हिमालयी ग्लेशियर झीलों से बाढ़ का खतरा कम करने के लिए नेपाल, संयुक्त राष्ट्र ने शुरू की, 5 कराेड डॉलर की परियोजना, 3.85 लाख लोगों को होगा सीधा लाभ

काठमांडू, 26 नवंबर  नेपाल सरकार और संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) ने हिमालयी क्षेत्रों में ग्लेशियर झीलों के फटने से आने वाली बाढ़ (ग्लोफ) के खतरे को कम करने और स्थानीय समुदायों की जान-माल की सुरक्षा के लिए करीब 5 कराेड डॉलर की एक महत्वाकांक्षी परियोजना शुरू की है।

'ग्लोफ संजीवनी' नाम की इस परियोजना से बाढ़ के खतरे वाले क्षेत्रों में रहने वाले 3 लाख 85 हजार से अधिक लोगों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है। इनमें 55 प्रतिशत महिलाएं होंगी। वहीं, परियोजना के प्रभाव क्षेत्र में आने वाली नदी घाटियों के निचले इलाकों में रहने वाले करीब 20 लाख लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से फायदा पहुंचेगा।

मंगलवार को काठमांडू में आयोजित एक उद्घाटन कार्यशाला में इस परियोजना की औपचारिक शुरुआत की गई। इसमें नेपाल सरकार के अधिकारियों, ग्रीन क्लाइमेट फंड (जीसीएफ), यूएनडीपी, प्रांतीय एवं स्थानीय सरकारों के प्रतिनिधियों, तकनीकी विशेषज्ञों और विकास साझेदारों ने हिस्सा लिया।

चार खतरनाक ग्लेशियर झीलों का जलस्तर घटाया जाएगा

परियोजना के तहत नेपाल की चार उच्च जोखिम वाली ग्लेशियर झीलों का जलस्तर कम किया जाएगा। इनमें मनांग जिले की दोना (थुलागी), संखुवासभा की लोअर बरुण और सोलुखुम्बु जिले की लुमडिंग त्सो तथा होंगु-2 झील शामिल हैं।

योजना के अनुसार, दोना, लोअर बरुण और लुमडिंग त्सो झीलों का जलस्तर तीन-तीन मीटर घटाया जाएगा, जबकि होंगु-2 झील का जलस्तर एक मीटर कम किया जाएगा। इसके अलावा बाढ़ के जोखिम को कम करने के लिए मौसम और जल विज्ञान संबंधी निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाएगी। आधुनिक पूर्व चेतावनी प्रणाली का विस्तार, जलवायु जोखिम से संबंधित सूचना और योजना निर्माण तथा नदी घाटियों में प्राकृतिक उपायों और सुरक्षा संरचनाओं का विकास भी किया जाएगा।

ग्रीन क्लाइमेट फंड देगा 36.16 मिलियन डॉलर का अनुदान

जल विज्ञान तथा जल संसाधन अनुसंधान केंद्र के उपकार्यकारी निदेशक एवं प्रवक्ता डॉ. राजन भट्टराई के अनुसार, परियोजना की कुल लागत 4.994 कराेड डॉलर है। इसमें ग्रीन क्लाइमेट फंड 36.16 मिलियन डॉलर अनुदान के रूप में उपलब्ध कराएगा।

नेपाल सरकार 11.32 मिलियन डॉलर, यूएनडीपी 2.14 मिलियन डॉलर और निजी क्षेत्र के साझेदार 3 लाख 20 हजार डॉलर का सह-वित्तपोषण करेंगे।

यह परियोजना वर्ष 2026 से 2033 तक संचालित होगी। इसका क्रियान्वयन जल विज्ञान तथा जल संसाधन अनुसंधान केंद्र के माध्यम से किया जाएगा। इसके तहत मर्स्यांग्दी, अरुण, दूधकोशी और लोअर अरुण नदी घाटियों के संवेदनशील क्षेत्रों में पूर्व चेतावनी प्रणाली का भी विस्तार किया जाएगा।

आपदा आने के बाद नहीं, पहले से जोखिम कम करने पर जोर

जल तथा ऊर्जा आयोग सचिवालय के सचिव नवीन राज सिंह ने कहा कि परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एकीकृत और सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाया जाएगा। उन्होंने जल विज्ञान तथा जल संसाधन अनुसंधान केंद्र को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित करने और जलविद्युत परियोजना विकासकर्ताओं, निजी क्षेत्र तथा अन्य संबंधित पक्षों के साथ सहयोग मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

यूएनडीपी की नेपाल में आवासीय प्रतिनिधि क्योको योकोसुका ने कहा कि यह परियोजना आपदा आने के बाद राहत और बचाव कार्यों पर निर्भर रहने के बजाय पहले से जोखिम कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव लाएगी।

उन्होंने कहा कि दो महीने पहले रसुवा-भोटेकोशी और गंडकी नदी घाटियों में आई बाढ़ ने दिखा दिया है कि जलवायु परिवर्तन से जुड़े खतरे कितनी तेजी से बड़े मानवीय और आर्थिक संकट में बदल सकते हैं। इसलिए आपदा से पहले जोखिम का आकलन, उसे कम करना और विकास से जुड़े निवेशों की सुरक्षा जरूरी है।

30 वर्षों में ग्लेशियर झीलों का क्षेत्रफल 25 प्रतिशत बढ़ा

यूएनडीपी के प्रमुख तकनीकी विशेषज्ञ एवं परियोजना समन्वयक दीपक केसी ने बताया कि वर्ष 1987 से 2017 के बीच नेपाल में ग्लेशियर झीलों का कुल क्षेत्रफल 25 प्रतिशत बढ़ गया है। यह हिमालयी क्षेत्र में जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभाव और ग्लेशियर झीलों से जुड़ी आपदाओं के बढ़ते खतरे का संकेत है।

उन्होंने कहा कि चार झीलों का जलस्तर कम करने की योजना को लाखों लोगों की जान बचाने की संभावित क्षमता के कारण 'संजीवनी' नाम दिया गया है।

वित्त मंत्रालय के सहसचिव एवं ग्रीन क्लाइमेट फंड के लिए नेपाल के राष्ट्रीय नामित प्राधिकरण अमृत लम्साल ने कहा कि वैश्विक ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में नेपाल का योगदान 0.1 प्रतिशत से भी कम है, लेकिन जलवायु परिवर्तन के गंभीर परिणामों का सामना देश को करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के जरिए जोखिम कम करने के प्रयासों को राष्ट्रीय विकास की प्राथमिकताओं और जवाबदेही व्यवस्था से जोड़ा जाएगा।

जल विज्ञान तथा जल संसाधन अनुसंधान केंद्र के कार्यकारी निदेशक संजीव बराल ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों को देखते हुए ग्लेशियर झीलों के फटने के खतरे को गंभीरता से लेना जरूरी है। किसी ग्लेशियर झील के प्राकृतिक बांध को मामूली नुकसान भी बड़े आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि झीलों का जलस्तर कम करने का काम पर्यावरणीय और सामाजिक सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए किया जाएगा।

स्थानीय समुदायों की भागीदारी पर भी जोर

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. धर्मराज उप्रेती ने कहा कि पूर्व चेतावनी प्रणाली को मजबूत करने का मतलब यह सुनिश्चित करना है कि वैज्ञानिक सूचनाएं संभावित आपदा से पर्याप्त समय पहले प्रभावित समुदायों तक पहुंचें।

कोशी प्रदेश सरकार के वन मंत्रालय के सचिव इन्द्र प्रसाद सापकोटा ने परियोजना में प्रांतीय और स्थानीय सरकारों की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि कोशी नदी घाटी सहित आपदा जोखिम वाले क्षेत्रों में संघीय सरकार के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रदेश सरकार तैयार है।

परियोजना के लक्ष्य क्षेत्रों में शामिल मनांग के नासों ग्रामीण नगरपालिका के अध्यक्ष धनबहादुर गुरुङ ने उम्मीद जताई कि वैज्ञानिक शोध, भूमि उपयोग की विस्तृत योजना और स्थानीय समुदायों की भागीदारी से सुरक्षित बस्तियों के विकास और आजीविका में सुधार होगा।

परियोजना का क्रियान्वयन जल विज्ञान तथा जल संसाधन अनुसंधान केंद्र करेगा। इसमें चूरे एवं जलाधार संरक्षण विभाग, राष्ट्रीय निकुंज तथा वन्यजीव संरक्षण विभाग और राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण तथा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ समन्वय किया जाएगा। वित्त मंत्रालय, नेपाल पर्यटन बोर्ड और इंडिपेंडेंट पावर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन, नेपाल भी इसके प्रमुख साझेदार होंगे।