मेचका, तुमड़ीबहार किसानों की एकजुटता, ई-स्टैक व डीसीएस में लंबित यूएफआर से किसानों की टोकन प्रक्रिया ठप, दूसरी बार एसडीएम को सौंपे ज्ञापन
नगरी। नगरी विकासखंड के अंतिम छोर करीब 10 गांव के किसान धान बेचने में हो रही परेशानी को लेकर दिन बुधवार को एसडीएम को ज्ञापन देने पहुंचे जिसमे धान खरीदी का सीजन शुरू होने के बीच ई-स्टैक (Farmer Registry) एवं डीसीएस (Digital Crop Survey) में यूएफआर लंबित होने के कारण किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है। तकनीकी एवं रिकॉर्ड संबंधी समस्याओं के चलते किसानों का धान खरीदी टोकन नहीं कट पा रहा है। इस समस्या को लेकर किसान संघर्ष समिति जोन बेलरबाहरा, तहसील नगरी ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र निराकरण की मांग की है।
जिसमें जोन बेलरबाहरा अंतर्गत ग्राम, आरसीकन्हार, ठेनही, लीलांज, बेलरबाहरा, तुमड़ीबहार, गाताभरी, अर्जुनी, दोड़पडरीपानी, कस्लोर एवं रिसगांव क्षेत्र के किसान ई-स्टैक एवं डीसीएस में यूएफआर लंबित होने से परेशान हैं। किसानों का कहना है कि धान बिक्री के लिए टोकन नहीं कटने से उनकी उपज खरीदी केंद्रों तक पहुंचाने में दिक्कत आ रही है। किसानों ने बताया कि खेती-किसानी के लिए अधिकांश किसानों ने बैंकों से केसीसी एवं कृषि ऋण लिया है। धान की फसल ही उनके लिए कर्ज चुकाने और परिवार के भरण-पोषण का प्रमुख सहारा है। यदि समय पर धान की बिक्री नहीं हो पाती है तो किसान कर्ज के बोझ तले दब जाएंगे और उन्हें गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ सकता है।
समिति के अनुसार इस संबंध में पूर्व में भी प्रशासन को आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक निराकरण नहीं हो पाया है। इसी को देखते हुए किसानों ने प्रशासन को सात दिन का अल्टीमेटम दिया है। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि 01 दिसंबर 2026 तक ई-स्टैक एवं डीसीएस में लंबित यूएफआर की समस्या का समाधान नहीं होने पर 02 दिसंबर 2026 को सुबह 10 बजे से काराघाटी चौक, नगरी में शांतिपूर्ण चक्काजाम एवं धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
किसानों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए समय-सीमा के भीतर लंबित रिकॉर्ड एवं तकनीकी त्रुटियों का निराकरण कराकर धान खरीदी टोकन जारी करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को आंदोलन के लिए मजबूर न होना पड़े।
जिसमें जनपद सदस्य श्रीधन सोम ,सरपंच जीवन नाग दिनेश यादव, धनश्याम गजलाल नेताम ,बिरझु राम नेताम गोकुल नेताम चन्द्र्सेन कुंजाम अजय कुमार कुंजाम अमृत लाल गजराज ओटी जीवराखन ओटी खोगेश्वर ध्रुर्वो हेमराज कुंजाम हरक राम जयसिंग, नरेश माझी आदि ग्रामीण की उपस्थिति थे