Posted By:- DabangSwar Desk
Posted On:- 27-Nov-2026

14 साल बाद मिला लापता बालिका का सुराग, ग्रेटर नोएडा से सकुशल दस्तयाब हुई महिला

भखारा/धमतरी। धमतरी पुलिस ने 14 साल पुराने गुमशुदगी के एक मामले को सुलझाते हुए वर्ष 2012 से लापता बालिका को उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से सकुशल दस्तयाब किया है। उस समय बालिका की उम्र महज 14 वर्ष थी। लंबे समय तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। नाम और पहचान बदल जाने के कारण उसकी तलाश पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। आखिरकार आधुनिक तकनीक, NATGRID, सोशल मीडिया और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस उसे खोजने में सफल रही।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पुराने गुमशुदगी और अपहृता संबंधी मामलों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना भखारा पुलिस ने यह सफलता हासिल की है।

मट्ठा लेने घर से निकली थी 14 वर्षीय बालिका

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना भखारा क्षेत्र के ग्राम सिलिडीह निवासी 14 वर्षीय बालिका 27 अक्टूबर 2012 को दोपहर करीब 1 बजे घर से मट्ठा लेने जाने की बात कहकर निकली थी। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद थाना भखारा में अपराध क्रमांक 62/2013, धारा 363 भादवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

नाम और पहचान बदलने से तलाश हुई चुनौतीपूर्ण

मामले के वर्षों तक लंबित रहने और समय के साथ बालिका द्वारा अपना नाम एवं पहचान बदल लेने के कारण उसकी पतासाजी करना पुलिस के लिए काफी चुनौतीपूर्ण हो गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना भखारा पुलिस ने पुराने मामले को दोबारा गंभीरता से लेते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की।

NATGRID और सोशल मीडिया से मिला अहम सुराग

पुलिस टीम ने फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के साथ NATGRID तथा अन्य तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए लगातार जानकारी जुटाई। सीडीआर और सीएएफ से प्राप्त जानकारियों के विश्लेषण के बाद पुलिस को पता चला कि लापता बालिका अब अपना नाम और पहचान बदलकर उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित सेक्टर डेल्टा-III, थाना देवला क्षेत्र में रह रही है।

23 नवंबर को ग्रेटर नोएडा से किया गया दस्तयाब

महत्वपूर्ण सुराग मिलने के बाद थाना भखारा पुलिस की टीम ग्रेटर नोएडा रवाना हुई। स्थानीय स्तर पर पतासाजी और आवश्यक कार्रवाई के बाद 23 नवंबर 2026 को महिला को सकुशल दस्तयाब किया गया और धमतरी लाया गया।

वर्तमान में महिला की उम्र लगभग 28 वर्ष है। पुलिस के अनुसार न्यायालय प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट, कुरुद के समक्ष धारा 183 बीएनएसएस के तहत दर्ज कराए गए कथन में महिला ने बताया कि वर्ष 2012 में वह अपनी मां के पास चली गई थी। इसके बाद आगरा और दिल्ली-नोएडा क्षेत्र में रहकर रोजी-मजदूरी करने लगी। बालिग होने के बाद वर्ष 2018 में उसने विवाह कर लिया।

महिला ने अपने बयान में किसी भी प्रकार की जोर-जबरदस्ती या अपने साथ अपराध घटित होने से इनकार किया है।

14 साल पुराने मामले में पुलिस को मिली सफलता

लंबे समय से लंबित इस गुमशुदगी के मामले का निराकरण धमतरी पुलिस के सतत प्रयास, तकनीकी विश्लेषण और आधुनिक संसाधनों के उपयोग से संभव हो सका। पुलिस का कहना है कि पुराने गुमशुदगी के मामलों में भी गंभीरता से पतासाजी की जा रही है, ताकि लापता लोगों का पता लगाकर उनके संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।