Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 13-Jun-2026

छत्तीसगढ़ में पर्यटकों को मिलेगा बेहतर स्वाद और शानदार आतिथ्य, पर्यटन मंडल का बड़ा कदम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आने वाले पर्यटकों के अनुभव को और अधिक सुखद व यादगार बनाने के लिए छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल ने एक बड़ी पहल की है। मंडल द्वारा संचालित विभिन्न रिसॉर्ट्स के शेफ (कुक) और कर्मचारियों की व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने के लिए इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (IHM), नवा रायपुर में आयोजित पांच दिवसीय कलिनरी स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम का प्रथम चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक एवं IHM रायपुर के प्राचार्य श्री विवेक आचार्य ने सभी सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

दो चरणों में हो रहा है प्रशिक्षण का आयोजन

        पर्यटन मंडल और IHM रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम दो चरणों में डिजाइन किया गया है। प्रथम बैच 8 जून से 12 जून 2026 (सफलतापूर्वक संपन्न), द्वितीय बैच 15 जून से 19 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य पर्यटन स्थलों पर खाद्य सुरक्षा मानकों (Food Safety Standards) का पालन सुनिश्चित करना, रिसॉर्ट स्टाफ का कौशल उन्नयन करना और पर्यटकों को उच्च गुणवत्तापूर्ण भोजन सेवाएं देना है।

मॉकटेल से लेकर पारंपरिक मिष्ठान्न तक, विशेषज्ञों ने सिखाए ये गुर-   पांच दिनों के इस व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने कर्मचारियों को आधुनिक पाक-कला, फूड प्रेजेंटेशन और स्वच्छता प्रबंधन की बारीकियां सिखाईं। पहला दिन विभिन्न प्रकार के सूप, सलाद और सैंडविच बनाने की विधियां, दूसरा दिन अंडे पर आधारित व्यंजन, लोकप्रिय दक्षिण भारतीय नाश्ते और हेल्दी ब्रेकफास्ट की तकनीकें सिखाई गई। तीसरा दिन भारतीय व्यंजनों की जान यानी मूल ग्रेवी और उनसे तैयार होने वाली डिशेज का प्रदर्शन, चौथा दिन दाल मखनी, बिरयानी, पुलाव सहित कई तरह के स्नैक्स, स्टार्टर्स और ऐपेटाइज़र का व्यावहारिक अभ्यास और पांचवां दिन रिफ्रेशिंग मॉकटेल्स, भारतीय पारंपरिक मिठाइयां और फूड सेफ्टी एंड हाइजीन (खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता) पर विशेष सत्र का आयेाजन किया गया।

गुणवत्तापूर्ण भोजन और उत्कृष्ट आतिथ्य ही पर्यटन की रीढ़-   समापन समारोह को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य ने कहा कि पर्यटन उद्योग की सफलता में अच्छा भोजन और स्वच्छता सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे यहां सीखे गए हुनर का उपयोग रिसॉर्ट्स में आने वाले पर्यटकों की सेवा के लिए करें, जिससे छत्तीसगढ़ के पर्यटन की देश-दुनिया में एक सकारात्मक पहचान बने।