Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 13-Jun-2026

छत्तीसगढ़ का पहला संभागीय पोर्टल लॉन्च, सरगुजा संभाग को मिला डिजिटल पहचान का नया मंच

रायपुर। डिजिटल सुशासन और नागरिक सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में सरगुजा संभाग ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। सरगुजा संभागायुक्त श्री नरेंद्र कुमार दुग्गा ने शुक्रवार को सरगुजा संभाग की आधिकारिक वेबसाइटdivision-surguja.cg.gov.in dk का शुभारंभ किया। यह छत्तीसगढ़ राज्य के किसी भी संभाग की पहली आधिकारिक वेबसाइट है, जो नागरिकों, पर्यटकों एवं विभिन्न हितधारकों को एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगी। राष्ट्रीय सूचना-विज्ञान केंद्र (एनआईसी) सरगुजा द्वारा विकसित इस पोर्टल का निर्माण केंद्र सरकार के सुरक्षित प्लेटफॉर्म S3WaaS ¼Secure. Scalable and Sugamya Website as a Service) पर किया गया है। आधुनिक तकनीकों से लैस यह पोर्टल सुरक्षा, विश्वसनीयता और उपयोगकर्ता सुविधा के उच्च मानकों को सुनिश्चित करता है।

सुरक्षित और आधुनिक तकनीकी ढांचे पर आधारित-  वेबसाइट को ‘सिक्योर-बाय-डिजाइन’ फ्रेमवर्क के अनुरूप विकसित किया गया है तथा इसकी होस्टिंग एनआईसी के राष्ट्रीय डेटा केंद्रों में की गई है। इससे वेबसाइट को स्वचालित सुरक्षा अपडेट, साइबर सुरक्षा प्रबंधन तथा नियमित सुरक्षा ऑडिट जैसी सुविधाएं प्राप्त होंगी। पोर्टल को पूरी तरह रिस्पॉन्सिव बनाया गया है, जिससे यह मोबाइल, टैबलेट और कंप्यूटर सहित सभी डिजिटल उपकरणों पर सुगमता से संचालित होगा। वर्तमान में वेबसाइट हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है।

एक ही मंच पर मिलेगी संभाग की समग्र जानकारी-  पोर्टल के माध्यम से सरगुजा संभाग की प्रशासनिक संरचना, इतिहास, प्रोफाइल, अधिकारियों की संपर्क जानकारी तथा संभाग के सभी जिलों से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रमुख पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक विरासतों और क्षेत्रीय महोत्सवों की विस्तृत जानकारी भी शामिल की गई है। नागरिक अब इस पोर्टल के माध्यम से बी-1/पी-11, नामांतरण, राजस्व न्यायालय आवेदन तथा डायवर्जन जैसी महत्वपूर्ण ऑनलाइन राजस्व सेवाओं तक सीधे पहुंच प्राप्त कर सकेंगे।