Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 15-Jun-2026

पुनर्वासित युवाओं को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा का संबल

89 हितग्राहियों के बने आयुष्मान कार्ड

स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ रहे पुनर्वासित युवा

रायपुर,  माओवाद छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटे पुनर्वासित युवाओं को नई जिंदगी देने के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा व्यापक स्वास्थ्य सुरक्षा और संबल प्रदान किया जा रहा है। ताकि वे आर्थिक चिंता से मुक्त होकर अपना और अपने परिवार का मुफ्त इलाज करा सकें। बीजापुर जिले के कलेक्टर श्री विश्वदीप के मार्गदर्शन में बीजापुर जिले के पुनर्वासित युवाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष पहल की जा रही है। इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा पुनर्वास केंद्र बीजापुर में विशेष शिविर आयोजित कर 89 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।

’विशेष शिविर में हुआ पंजीयन और कार्ड निर्माण’-  शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हितग्राहियों का पंजीयन किया, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया तथा पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड तैयार किए। इस दौरान हितग्राहियों को योजना की पात्रता, लाभ और उपयोग की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।

’आयुष्मान भारत योजना का मिलेगा लाभ’- आयुष्मान कार्ड बनने के बाद पात्र हितग्राही आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध अस्पतालों में निःशुल्क उपचार की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। इससे जरूरत के समय बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी और उपचार पर होने वाले आर्थिक बोझ से भी राहत मिलेगी।