Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 15-Jun-2026

नन्हीं आँचल के जीवन में गूंजेगी खुशियों की किलकारी

मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना बनी वरदान

​4 वर्षीय मासूम के इलाज के लिए 6 लाख रुपये स्वीकृत किए

रायपुर एम्स में होगा निःशुल्क उपचार

​रायपुर, संवेदनशील सरकार जब गरीब और जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ी होती है, तो बड़ी से बड़ी मुश्किलें भी आसान हो जाती हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप संचालित 'मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना' आज प्रदेश के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक नया जीवनदाता बनकर उभर रही है। इस योजना ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के एक गरीब परिवार के सूने आँगन में फिर से उम्मीद की किरण जगा दी है।

​मासूम की खामोशी से परेशान था परिवार-   ​बरमकेला विकासखंड के ग्राम महोदी निवासी नवीन प्रधान की चार वर्षीय पुत्री आँचल प्रधान जन्म से ही सुन नहीं पाती थी। बेटी की इस समस्या के कारण पूरा परिवार गहरे मानसिक और आर्थिक तनाव से गुजर रहा था। उम्र बढ़ने के साथ आँचल के विकास और उसके भविष्य को लेकर माता-पिता की चिंताएं भी बढ़ती जा रही थीं। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज और सर्जरी की सलाह तो दी, लेकिन उसमें आने वाला लाखों रुपये का खर्च इस गरीब परिवार की हैसियत से कोसों दूर था।

​जब सारे रास्ते बंद हुए, तब सरकार ने बढ़ाया हाथ-   नवीन प्रधान ने अपनी लाडली के इलाज के लिए हर दरवाजा खटखटाने के बाद, जब नवीन प्रधान को कोई रास्ता नहीं सूझा, तो उन्होंने जिला स्वास्थ्य विभाग से गुहार लगाई। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के 'अंत्योदय' और 'सुशासन' के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाई। प्रशासन द्वारा त्वरित गति से प्रकरण तैयार कर राज्य सरकार को मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत भेजा गया।