Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 23-Jun-2026

सांसद महेश कश्यप ने सुकमा जिला अस्पताल का किया निरीक्षण

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा दूरस्थ और पहुंचविहीन क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी क्रम में बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने रविवार को सुकमा जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

नेत्र रोग वार्ड पहुंचकर मरीजों का बढ़ाया उत्साह-    निरीक्षण के दौरान सांसद श्री कश्यप ने जिला अस्पताल के नेत्र रोग वार्ड का अवलोकन किया। यहां उन्होंने ‘मिशन दृष्टि’ योजना के अंतर्गत मोतियाबिंद ऑपरेशन करा चुके मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों को फल वितरित कर शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की शुभकामनाएं दीं।

जगरगुंडा क्षेत्र के मरीजों को मिल रहा लाभ- सांसद ने विशेष रूप से जगरगुंडा क्षेत्र के दूरस्थ, संवेदनशील और वनांचल इलाकों से आए 42 मरीजों से बातचीत की। मरीजों ने बताया कि उन्हें शासन की ओर से निःशुल्क उपचार, दवाएं, भोजन और ठहरने की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे उन्हें काफी राहत मिली है।

152 सफल ऑपरेशन, स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ा विश्वास-जिला अस्पताल की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. खुशबू देवांगन के नेतृत्व में अप्रैल 2026 से अब तक कुल 152 मरीजों के सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन किए जा चुके हैं। यह उपलब्धि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर पहुंच और गुणवत्तापूर्ण उपचार व्यवस्था को दर्शाती है।

अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध सरकार-   मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ‘मिशन दृष्टि’ जैसी पहलें ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।