रायपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने बीजापुर प्रवास के दौरान ग्राम पंचायत जांगला में आयोजित बिहान महिला चौपाल में भाग लेकर स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद किया। इस अवसर पर महिलाओं ने आत्मीय स्वागत किया। चौपाल में मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने महिलाओं को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया और कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के समग्र विकास एवं सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

महिलाओं ने साझा किए आत्मनिर्भरता के अनुभव
चौपाल के दौरान बिहान स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने अपनी आर्थिक गतिविधियों एवं आजीविका के अनुभव साझा किए। महिलाओं ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। समूहों के माध्यम से वे स्वरोजगार अपनाकर अपनी आय बढ़ा रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बना रही हैं।

ग्राम पंचायत कोण्ड्रोजी की एक सक्रिय महिला सदस्य ने समूह की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि स्व-सहायता समूह द्वारा ईंट निर्माण कार्य से लगभग दो लाख रुपये की आय अर्जित की गई है। उन्होंने कहा कि समूह की महिलाओं ने सामूहिक प्रयास और आत्मविश्वास के बल पर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।