रायपुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड के अंतर्गत आने वाले दूरस्थ व अंदरूनी ग्राम जारामोंगिया में बुनियादी सुविधाओं, सड़क, बिजली और सुरक्षा के बेहतर माहौल से ग्रामीणों के जीवन और आजीविका की तस्वीर धीरे-धीरे सकारात्मक बदलाव की ओर बढ़ रही है। भैरमगढ़ विकासखंड में जल जीवन मिशन के तहत जारामोंगिया जैसे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर नल से नियमित और शुद्ध पेयजल पहुँचाया जा रहा है। इस योजना से ग्रामीणों को दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाने की समस्या से बड़ी राहत मिली है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल और जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड के ग्राम जारामोंगिया में जीवन की तस्वीर बदल गई है। जिला मुख्यालय से लगभग 75 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव के 28 परिवारों को अब घर-घर नल से नियमित रूप से शुद्ध पेयजल मिल रहा है।
अब हर घर तक नल से पहुंच रहा है शुद्ध पेयजल- कुछ समय पहले तक गांव के लोग केवल चार हैंडपंपों पर निर्भर थे। पानी भरने के लिए लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता था। गर्मी, बरसात और सर्दी हर मौसम में पानी की समस्या बनी रहती थी। महिलाओं और बच्चों का काफी समय पानी लाने में ही बीत जाता था। जल जीवन मिशन के तहत गांव में 10 केएल क्षमता की सोलर आधारित जल संरचना स्थापित की गई। इसके माध्यम से अब हर घर तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंच रहा है। इससे ग्रामीणों की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या दूर हो गई है।