नुक्कड़ नाटक के माध्यम से संविधान के मूल्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति किया जागरूक
रायपुर, सेवा, जागरूकता और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय, सूरजपुर में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने प्रभावशाली अभिनय और सरल संवादों के माध्यम से संवैधानिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों, सामाजिक सहभागिता तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्राओं ने बताया कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। साथ ही संविधान नागरिकों को राष्ट्र और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। छात्राओं ने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को सहज एवं रोचक तरीके से प्रस्तुत करते हुए सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता और सभी नागरिकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
प्रस्तुति में छात्राओं ने मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों की जानकारी देते हुए संविधान का सम्मान करने, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा, पर्यावरण संरक्षण, वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने और समाज में भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अधिकारों के प्रति जागरूकता के साथ कर्तव्यों का पालन ही जिम्मेदार नागरिकता की पहचान है।